Home Latest मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत 265 तीर्थयात्रियों को महापौर रामू रोहरा ने...

मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत 265 तीर्थयात्रियों को महापौर रामू रोहरा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

ठंड को देखते हुए महापौर ने अपने व्यक्तिगत प्रयासों से तीर्थयात्रियों को कंबल वितरित कर दी मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं, सोमनाथ, द्वारका एवं नागेश्वर धाम के करेंगे दर्शन

धमतरी | मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के अंतर्गत जिले के 265 तीर्थयात्रियों को धार्मिक यात्रा पर सोमनाथ, द्वारका एवं नागेश्वर धाम के दर्शन के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर नगर निगम धमतरी के महापौर श्री जगदीश ‘रामू’ रोहरा ने तीर्थयात्रियों को हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया तथा सभी यात्रियों को सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर महापौर श्री रामू रोहरा ने ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए अपने व्यक्तिगत प्रयासों से सभी तीर्थयात्रियों को कंबल वितरित किए। उन्होंने बुजुर्गों एवं यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए आत्मीयता के साथ कंबल भेंट किए। महापौर की इस मानवीय पहल से तीर्थयात्रियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। यात्रियों ने इस सहयोग एवं संवेदनशीलता के लिए महापौर के प्रति आभार व्यक्त किया।

महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ योजना शासन की एक सराहनीय जनकल्याणकारी पहल है, जिसके माध्यम से बुजुर्गों एवं जरूरतमंद नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। तीर्थ यात्रा केवल धार्मिक आस्था से जुड़ी नहीं होती, बल्कि यह मन को शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक संतुष्टि भी प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते समाज के प्रत्येक वर्ग की सुविधा, सेवा और जरूरतों का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है। विशेषकर बुजुर्गों के प्रति सम्मान, सहयोग और संवेदनशीलता का भाव रखना हम सभी का कर्तव्य है। इसी भावना के साथ ठंड को देखते हुए तीर्थयात्रियों को कंबल वितरित किए गए, ताकि उनकी यात्रा के दौरान उन्हें कुछ राहत मिल सके।

महापौर ने सभी तीर्थयात्रियों से यात्रा के दौरान अपना ध्यान रखने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा एक-दूसरे का सहयोग करने की अपील की। साथ ही भगवान सोमनाथ, द्वारकाधीश एवं नागेश्वर महादेव से सभी यात्रियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की।
तीर्थयात्रियों में इस धार्मिक यात्रा को लेकर विशेष उत्साह एवं खुशी देखने को मिली। लंबे समय से प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन की इच्छा रखने वाले यात्रियों के लिए यह यात्रा यादगार और आनंददायक अवसर साबित होगी।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक डॉ. मनीषा पांडेय, नगर निगम एमआईसी सदस्य श्री युगल किशोर ‘पिंटू’ यादव, पार्षद श्री अज्जू देशलहरे एवं श्री कुलेश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version