Home Latest स्व. राजेश गंजीर की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय ओपन कराते प्रतियोगिता...

स्व. राजेश गंजीर की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय ओपन कराते प्रतियोगिता का भव्य समापन, 450 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

कराते आत्मरक्षा के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का भी सशक्त माध्यम है – महापौर रामू रोहरा

धमतरी । धमतरी कराते डू एसोसिएशन के तत्वावधान में स्वर्गीय श्री राजेश गंजीर की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय ओपन कराते प्रतियोगिता का 15 नवंबर को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे दिन 6 से 11 वर्ष तक के बालक-बालिका खिलाड़ियों के विभिन्न आयु वर्गों में मुकाबले आयोजित किए गए। इसमें छत्तीसगढ़ के 14 जिलों से पहुंची टीमों के लगभग 450 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में धमतरी महापौर श्री रामू रोहरा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री शशि पवार एवं जिला कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा उपस्थित रहे। साथ ही छत्तीसगढ़ कराते डू एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष रेन्शी बी. ब्रह्मय्या नायडू की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर महापौर श्री रामू रोहरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष करने की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कराते जैसे मार्शल आर्ट बच्चों को आत्मरक्षा के साथ विपरीत परिस्थितियों में साहस और संयम के साथ मुकाबला करना भी सिखाते हैं। आज इतनी बड़ी संख्या में बच्चों और युवाओं का कराते प्रतियोगिता में भाग लेना जिले के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के 14 जिलों से लगभग 450 खिलाड़ियों का धमतरी पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में खेलों के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है। बच्चों में छोटी उम्र से ही खेल के प्रति रुचि विकसित करना आवश्यक है, क्योंकि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने से उनका सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन निरंतर अभ्यास, मेहनत और समर्पण ही खिलाड़ी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं।

महापौर ने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि धमतरी में इस तरह की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होने से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। नगर में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस सफल आयोजन में धमतरी कराते डू एसोसिएशन की पूरी आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अशोक सिन्हा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में प्रतियोगिता संपन्न हुई। सचिव श्री गोविंद राम ने आयोजन की व्यवस्थाओं एवं विभिन्न टीमों के समन्वय में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कोषाध्यक्ष श्री बिकाश दत्ता ने दो दिवसीय प्रतियोगिता में भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। वहीं सह सचिव श्री हेमन्त चक्रधारी ने प्रतियोगिता की रूपरेखा तैयार करने, विभिन्न जिलों की टीमों से समन्वय स्थापित करने, खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों की व्यवस्थाओं तथा प्रतियोगिता के सुचारु संचालन में विशेष सक्रियता दिखाई।

एसोसिएशन के सदस्य विद्या कुर्रे, अंजली फुटान, रिया फुटान, कुशमिता साहू एवं घनश्याम ध्रुव ने भी अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।

आयोजक समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, जिला प्रशासन, छत्तीसगढ़ कराते डू एसोसिएशन, रेफरी, कोच, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। धमतरी कराते डू एसोसिएशन ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी जिले में ऐसे खेल आयोजनों के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जाते रहेंगे।

Exit mobile version