Home Latest बठेना वार्ड में विकास कार्यों को मिली नई सौगात, महापौर रामू रोहरा...

बठेना वार्ड में विकास कार्यों को मिली नई सौगात, महापौर रामू रोहरा ने किया 15.21 लाख रुपये के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

श्याम नगर बोधन कॉलोनी में बनेगी आरसीसी नाली, विश्वकर्मा घर से मनोज उरांव के घर तक होगा सीसी रोड निर्माण; वार्डवासियों को मिलेगी बेहतर बुनियादी सुविधा

धमतरी | नगर पालिक निगम धमतरी के अंतर्गत बठेना वार्ड में विकास कार्यों को नई गति देते हुए महापौर जगदीश ‘रामू’ रोहरा ने 15.21 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से वार्डवासियों को आवागमन एवं जल निकासी की बेहतर सुविधा मिलेगी और लंबे समय से महसूस की जा रही मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति होगी।

भूमिपूजन के अंतर्गत श्याम नगर बोधन कॉलोनी में 5.74 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली निर्माण कार्य कराया जाएगा। वहीं विश्वकर्मा घर से रूपसिंग घर होते हुए मनोज उरांव के घर तक 9.47 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। दोनों निर्माण कार्यों पर कुल 15.21 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी।

इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड का समग्र एवं समान विकास कराना उनकी प्राथमिकता है। नागरिकों को सड़क, नाली, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वार्डों की आवश्यकताओं और स्थानीय नागरिकों की मांगों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृति दिलाकर धरातल पर उतारा जा रहा है।

महापौर ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक बनाना है। जनता की सुख-दुःख में साथ रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना और धमतरी शहर को विकास की नई दिशा देना हमारा संकल्प है। आने वाले समय में भी नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला निरंतर जारी रहेगा तथा जनसुविधाओं के विस्तार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

कार्यक्रम में वार्डवासियों ने विकास कार्यों की सौगात मिलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए महापौर रामू रोहरा एवं नगर निगम के प्रति आभार जताया। इस दौरान वार्ड की मूलभूत समस्याओं के निराकरण और विकास कार्यों को लेकर स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर एमआईसी सदस्य एवं वार्ड पार्षद श्री श्यामलाल नेताम ने महापौर श्री रामू रोहरा का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि वार्ड की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने के लिए महापौर का विशेष धन्यवाद। इन निर्माण कार्यों से वार्डवासियों को निश्चित रूप से राहत एवं सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य पिंटू यादव, पार्षद श्री कुलेश सोनी, श्रीमती आशा लोधी, एल्डरमैन भागवत यादव, नंदू लोधी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

Exit mobile version