रुद्री में जेंडर संवाद, महिला सशक्तिकरण पर जोर

0

रुद्री में जेंडर संवाद, महिला सशक्तिकरण पर जोर

धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत सार्थक महिला संकुल स्तरीय संगठन रुद्री द्वारा श्री रुद्रेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में जेंडर संवाद सह आमसभा का आयोजन किया गया। जिला पंचायत धमतरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

संवाद में महिला अधिकार, जेंडर समानता, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, आर्थिक आत्मनिर्भरता, महिला सुरक्षा और परिवार एवं समाज में समान भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा हुई। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और संगठित होकर समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों को ग्रामीण महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए आजीविका गतिविधियों, रोजगार, स्वरोजगार और सामूहिक उद्यमों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। महिलाओं से नियमित बैठक, बचत, वित्तीय अनुशासन और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी बनाए रखने का आह्वान किया गया।

जेंडर संवाद के साथ सार्थक महिला संकुल स्तरीय संगठन की वार्षिक आमसभा भी हुई। इसमें आजीविका गतिविधियों, वित्तीय लेन-देन, समूहों की प्रगति, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई।

महिला एवं बाल सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य तथा सुरक्षित और सम्मानजनक सामाजिक वातावरण पर भी जानकारी दी गई। बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा को परिवार और समाज की संयुक्त जिम्मेदारी बताते हुए महिलाओं को हिंसा, भेदभाव या अधिकारों के उल्लंघन के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत धमतरी की सभापति मोनिका देवांगन, जनपद पंचायत धमतरी की अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, जनपद सदस्य अनीता यादव, सरपंच रुद्री लक्ष्मी बयां, यूनिसेफ के राज्य समन्वयक विपिन ठाकुर, शशांक वर्मा, समीक्षा वर्मा, उपसंचालक पंचायत नकुल वर्मा, वर्षा रानी चिकनजुरी, कीर्ति मोहन, उषा ठाकुर और प्रियंका गजीर सहित एनआरएलएम के अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं एवं ग्राम संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने जेंडर समानता, महिला सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता तथा बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

सिहावा में 65 विद्यार्थियों को मिला लर्निंग लाइसेंस, सड़क सुरक्षा की दी सीख