रतन कॉलोनी में चाकूबाजी से मचा हड़कंप, तीन आरोपी गिरफ्तार
धमतरी। रतन कॉलोनी में विवाद के दौरान युवकों पर चाकू से हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12.7 इंच लंबा धारदार लोहे का चाकू और लकड़ी का बत्ता बरामद किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों और चाकूबाजों के विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने रतन कॉलोनी में युवकों पर चाकू से हमला करने के मामले में कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 2-3 अक्टूबर की दरमियानी रात विवाद के दौरान चंदेश्वर ध्रुव पिता दशरथ सिंह गुरु, उम्र 25 वर्ष, निवासी दानिटोला स्कूल चौक, महिमासागर वार्ड, धमतरी बीच-बचाव करने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उनके साथी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में दोनों को चोटें आईं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साहिल मसीह, नितांत मसीह उर्फ प्रिंस मसीह और सौरभ मसीह उर्फ रिकू मसीह को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12.7 इंच लंबा धारदार लोहे का चाकू और लकड़ी का बत्ता जब्त किया गया।

मामले में धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2), 3(5) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। तीनों आरोपियों को न्यायालय धमतरी में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में साहिल मसीह पिता स्व. ईस्माईल मसीह, उम्र 26 वर्ष, नितांत मसीह उर्फ प्रिंस मसीह पिता स्व. ईब्राहिम मसीह, उम्र 26 वर्ष तथा सौरभ मसीह उर्फ रिकू मसीह पिता स्व. ईस्माईल मसीह, उम्र 19 वर्ष शामिल हैं। तीनों रतन कॉलोनी, महिमासागर वार्ड, धमतरी के निवासी हैं।
जिला अस्पताल के उन्नयन को मिली रफ्तार, जीवनदीप समिति ने विकास कार्यों पर लगाई मुहर