रंजना साहू ने निज निवास पर सुनी ‘मोदी की मन की बात’ की 137वीं कड़ी, बोलीं – जनभागीदारी से बनेगा विकसित भारत

0

धमतरी | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी रविवार को प्रसारित हुई। जिसको भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने अपने निज निवास पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय इतिहास, नशामुक्त युवा, हर घर तिरंगा, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, फूलों की खेती, बेटियों की अंतरिक्ष क्षेत्र में भागीदारी, किसानों द्वारा नई फसलों की खेती तथा वोकल फॉर लोकल सहित विभिन्न विषयों पर देशवासियों से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। वहीं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देश में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की बात कही। प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना से लाभान्वित महिलाओं की सफलता की कहानियों का उल्लेख करते हुए महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, फूलों की खेती और किसानों द्वारा नवाचार के माध्यम से आय बढ़ाने के प्रयासों को भी देश के सामने रखा। इस अवसर पर रंजना साहू ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के कोने-कोने में हो रहे सकारात्मक कार्यों और जनभागीदारी की भावना को राष्ट्रव्यापी मंच प्रदान करने वाला कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सामान्य नागरिकों के छोटे-छोटे प्रयासों को पहचानकर उन्हें पूरे देश के लिए प्रेरणा बनाते हैं। आज की कड़ी में नशामुक्त युवा, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, किसान नवाचार और बेटियों की वैज्ञानिक उपलब्धियों जैसे विषयों पर दिया गया संदेश समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगे कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से संभव है। हमें स्वच्छता को अपनी आदत बनाना, युवाओं को नशे से दूर रखना, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना, पर्यावरण की रक्षा करना और बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर देना होगा। ‘मन की बात’ ऐसे ही सामूहिक प्रयासों को नई ऊर्जा और दिशा देने का कार्य कर रही है।