धमतरी | 18 मई आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, डॉ.खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत जिले के आठ लाख 28 हजार 276 के विरूद्ध छः लाख 14 हजार 470, याने कि 74.2 प्रतिशत पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया है, जो कि पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है। अब कलेक्टर श्री पी.एस.एल्मा के निर्देशानुसार ऐसे सभी हितग्राही, जिनका आयुष्मान कार्ड किसी वजह से नहीं बना है, उन छूटे हुए हितग्राहियों के लिए सभी ब्लॉक में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना के तहत सोमवार से शनिवार तक कार्ड पंजीयन का कार्य किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.डी.के.तुर्रे ने सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी, सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी शहरी/ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा सीएससी/वीएलई के जिला प्रबंधक को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि आगामी दिनों में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना में छूटे हुए सभी पात्र हितग्राहियों का कार्ड पंजीयन करना सुनिश्चित करें। जिससे कि योजना के तहत उन्हें लाभ मिल सके। संबंधित क्षेत्र के सीएससी/वीएलई संचालक उक्त हाट-बाजार में आने वाले आम नागरिकों का आयुष्मान कार्ड पंजीयन कराना सुनिश्चित करेंगे। डॉ.तुर्रे ने छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को हाट-बाजार के माध्यम से आयुष्मान कार्ड पंजीयन कराने की अपील की है। कार्ड पंजीयन के लिए हितग्राही को आधार कार्ड और राशनकार्ड लाना अनिवार्य है।
