Home Latest महापौर रामू रोहरा के नेतृत्व में रिसाई पारा पूर्व की गली-कूचों में...

महापौर रामू रोहरा के नेतृत्व में रिसाई पारा पूर्व की गली-कूचों में विकास की नई राह

नौशाद गली में सीसी रोड-नाली निर्माण से गलीवासियों का सपना हुआ साकार: मेघराज जी
धमतरी। महापौर रामू रोहरा के नेतृत्व और मार्गदर्शन में शहर के मोहल्लों और गली-कूचों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का काम लगातार किया जा रहा है। इसी कड़ी में रिसाई पारा पूर्व वार्ड की नौशाद गली में सीसी रोड एवं नाली निर्माण का कार्य पूरा होने से क्षेत्रवासियों को वर्षों से चली आ रही परेशानी से राहत मिली है।
रिसाई पारा पूर्व की कई गली-कूचों में लंबे समय से सड़क और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नौशाद गली के रहवासियों की समस्या को वार्ड पार्षद मेघराज ठाकुर ने गंभीरता से लेते हुए सीसी रोड एवं नाली निर्माण के लिए महापौर रामू रोहरा के समक्ष प्रस्ताव रखा। महापौर ने प्रस्ताव को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की, जिसके बाद अब गलीवासियों का सपना साकार हुआ है।
पार्षद मेघराज ठाकुर ने कहा कि वार्ड में सड़क और नाली का निर्माण उनकी पहली प्राथमिकता है, क्योंकि बेहतर सड़क और व्यवस्थित नाली व्यवस्था से स्वच्छता के साथ-साथ आवागमन भी सुगम होता है। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ की समस्या से लोगों को परेशानी होती थी। सीसी रोड और नाली निर्माण से इन समस्याओं का काफी हद तक समाधान होगा।
उन्होंने कहा कि “मेरा वार्ड, सुधरता वार्ड” के संकल्प के साथ वार्ड की प्रत्येक गली तक विकास पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में वर्षों से मूलभूत सुविधाओं की कमी थी, वहां प्राथमिकता के आधार पर सड़क, नाली, पेयजल और प्रकाश जैसी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पार्षद ठाकुर ने कहा कि महापौर रामू रोहरा के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा शहर के छोटे-छोटे मोहल्लों और गली-कूचों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने नौशाद गली के सीसी रोड एवं नाली निर्माण की स्वीकृति के लिए महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी है, जब उसका लाभ आम नागरिक के घर-द्वार तक पहुंचे।
नौशाद गली में सड़क एवं नाली निर्माण से क्षेत्रवासियों में भी खुशी का माहौल है। रहवासियों का कहना है कि अब आवागमन आसान होगा और बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।

Exit mobile version