Home Latest महापौर रामू रोहरा की पहल से धमतरी में विकास को रफ्तार, 28.48...

महापौर रामू रोहरा की पहल से धमतरी में विकास को रफ्तार, 28.48 करोड़ के कार्यों को मिली मंजूरी

ग्रामीण सड़क से लेकर शहर की सड़कों तक होगा कायाकल्प, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का जताया आभार 

धमतरी । शहर और ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए एक बार फिर धमतरी को बड़ी सौगात मिली है। महापौर रामू रोहरा के लगातार प्रयासों का ही परिणाम है कि में लगभग 28.48 करोड़ रुपये के महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। विधानसभा धमतरी अंतर्गत छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग (लंबाई 9.0 किलोमीटर) के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 25.04 करोड़ रुपये की स्वीकृति पर वित्त विभाग ने सहमति प्रदान कर दी है। बेंद्रा नवागांव सड़क मार्ग की भी मंजूरी दी गई है।यह मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। अब इस सड़क के निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को भी नई दिशा मिलेगी। इसी क्रम में नगर निगम धमतरी को भी एक बड़ी उपलब्धि मिली है। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत दानीटोला स्कूल चौक से ट्रेंचिंग ग्राउंड, सीता कुंड तालाब होते हुए गर्ल्स कॉलेज तक सीसी रोड एवं रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य के लिए 3.44 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति को वित्त विभाग ने हरी झंडी दे दी है। यह मार्ग शहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव और सड़क खराब होने की समस्या बनी रहती थी। प्रस्तावित निर्माण कार्य से सड़क मजबूत होगी और रिटेनिंग वॉल के निर्माण से जलभराव एवं मिट्टी कटाव की समस्या से राहत मिलेगी। इससे विद्यार्थियों, आम नागरिकों और राहगीरों को बड़ी सुविधा मिलेगी। महापौर रामू रोहरा ने इन स्वीकृतियों पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि धमतरी के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और आगे भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ पी चौधरी प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद रूपकुमारी चौधरी का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से धमतरी में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में शहर और ग्रामीण क्षेत्र दोनों में और भी बड़े विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाई जाएगी, जिससे धमतरी को एक विकसित और सुव्यवस्थित शहर के रूप में स्थापित किया जा सके। उन्हानें कहा कि धमतरी में सड़क और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में यह स्वीकृति मील का पत्थर साबित होगी, जो क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।यह महत्वपूर्ण उपलब्धि महापौर रामू रोहरा के सशक्त प्रयासों और निरंतर जनसेवा के संकल्प का परिणाम है। महापौर ने कहा कि “यह स्वीकृतियां केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि धमतरी की जनता के विश्वास और हमारी प्रतिबद्धता की जीत हैं। हमारी प्राथमिकता है कि हर क्षेत्र में मजबूत सड़क, बेहतर आधारभूत संरचना और सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित हो। हम धमतरी को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए संकल्पित हैं और हर नागरिक तक सुविधाओं का लाभ पहुंचाना हमारा कर्तव्य है।”

Exit mobile version