भोथापारा हाईस्कूल में पुलिस की पाठशाला, साइबर अपराध से लेकर सड़क सुरक्षा तक विद्यार्थियों को किया जागरूक

0

धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में थाना केरेगांव पुलिस द्वारा शासकीय हाईस्कूल भोथापारा में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशामुक्ति, यातायात नियम, डायल-112, नए आपराधिक कानून, महिला सुरक्षा और राहवीर योजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ ही कानून की जानकारी देना तथा स्वयं और समाज की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

साइबर ठगी से बचने विद्यार्थियों को किया जागरूक

पुलिस ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, OTP, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साथ ही सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक और जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

नशे से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की अपील की गई। विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।

सड़क सुरक्षा के तहत हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं देने जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों की जानकारी दी गई।

डायल-112 और नए कानूनों की दी जानकारी

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में डायल-112 की उपयोगिता और पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में बताया। इसके साथ ही देश में लागू नए आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों और नागरिकों के अधिकारों की भी जानकारी दी गई।

महिला सुरक्षा और राहवीर योजना पर विशेष जोर

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों और किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस से सहायता लेने के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

वहीं सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए आम नागरिकों को आगे आने के लिए प्रेरित करते हुए राहवीर योजना (Good Samaritan) की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि दुर्घटना पीड़ितों की समय पर मदद कर बहुमूल्य जीवन बचाने में आम नागरिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

जागरूक समाज निर्माण की दिशा में धमतरी पुलिस का प्रयास

धमतरी पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने, नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और कानून के प्रति जागरूक बनाने के साथ सुरक्षित एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण का प्रयास किया जा रहा है।