बाल मेला में नौनिहालों ने दिखाई प्रतिभा, सभापति कौशिल्या देवांगन ने बच्चों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर

1

बाल मेला में नौनिहालों की प्रतिभा का उत्साहपूर्ण प्रदर्शन, सभापति कौशिल्या देवांगन ने बच्चों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर

धमतरी l जोधापुर वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सोरिद एवं जोधापुर वार्ड के 05 आंगनबाड़ी केंद्रों के संयुक्त तत्वावधान में बाल मेला एवं 0 से 3 वर्ष तक के बच्चों के मानसिक, बौद्धिक एवं सर्वांगीण विकास पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिक निगम धमतरी की सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन,पार्षद विशु देवांगन,नीता बंजारे अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

बाल मेले में नौनिहालों ने विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक एवं खेल आधारित गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बच्चों की प्रतिभा, सीखने की क्षमता, रचनात्मक सोच एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ अभिभावकों को प्रारंभिक बाल्यावस्था के महत्व के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं अभिभावकों को बच्चों के प्रारंभिक वर्षों में उचित पोषण, खेल-आधारित शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य देखभाल तथा सकारात्मक वातावरण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों एवं कार्यकर्ताओं ने बताया कि जन्म से तीन वर्ष तक की आयु बच्चों के मस्तिष्क एवं व्यक्तित्व विकास की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था होती है, इसलिए इस अवधि में विशेष देखभाल, पोषण एवं गुणवत्तापूर्ण सीखने का वातावरण आवश्यक है।

सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बाल मेले जैसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनके मानसिक, बौद्धिक एवं सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुँचाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में बच्चों की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही अभिभावकों को भी बच्चों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरिता गजेंद्र, भगवती चंद्रवंशी,उषा सिन्हा, दीपमाला गजेंद्र,डाली देवांगन, सहायिका अनसूइया सिन्हा, सुनीता कंवर,मालती साहू, पूर्णिमा सिन्हा,राधिका कौशिक सहित अभिभावक एवं वार्डवासी उपस्थित थे।