40 साल पुरानी पाइपलाइन कल से बदलेगी, कोऑपरेटिव बैंक गली से शिव चौक तक 250 मीटर नई पाइपलाइन का होगा तत्काल संधारण
धमतरी। शहरवासियों को पेयजल की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और वर्षों पुरानी जल समस्या से राहत दिलाने की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कोऑपरेटिव बैंक के सामने वाली गली से शिव चौक तक करीब 250 मीटर लंबी 40 वर्ष पुरानी पाइपलाइन को तत्काल बदलने के निर्देश महापौर रामू रोहरा ने दिए हैं।
महापौर रामू रोहरा ने लगातार हो रही बारिश के बीच जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर, पिंटू यादव मेघराज ठाकुर, अज्जू देशलहरे एवं जल विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने पुरानी पाइपलाइन की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को बिना किसी देरी के पाइपलाइन बदलने और नागरिकों को बेहतर पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के निराकरण में नगर निगम किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा। 40 साल पुरानी पाइपलाइन के कारण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसे देखते हुए तत्काल नई पाइपलाइन बिछाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार और नगर निगम का मूल मंत्र विकास के साथ जनसेवा है और शहर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से और निर्धारित समय में पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने कहा कि महापौर के निर्देशानुसार पाइपलाइन बदलने की कार्रवाई तत्काल शुरू की जाएगी। पुरानी और जर्जर पाइपलाइन के स्थान पर नई पाइपलाइन बिछने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुचारु एवं मजबूत होगी।
नगर निगम द्वारा नागरिकों की वर्षों पुरानी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने की दिशा में किए जा रहे इस कार्य से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।






