
धमतरी। ग्राम पंचायत अरौद (डुबान) के आश्रित ग्राम पहरिया कोना में धमतरी विधायक ओंकार साहू ने विधायक निधि से स्वीकृत खेल मैदान में शेड निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित एक दिवसीय राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होकर विधायक श्री साहू ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे कबड्डी खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। विधायक ओंकार साहू ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की है।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करता है। खेलों के माध्यम से युवा नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
विधायक ने कहा कि पहरिया कोना में खेल मैदान में शेड निर्माण होने से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को सुविधा मिलेगी। इससे विभिन्न खेल गतिविधियों के आयोजन में भी सहूलियत होगी तथा क्षेत्र के युवाओं को नियमित रूप से अभ्यास करने के लिए बेहतर वातावरण प्राप्त होगा।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, ग्रामीणजन, आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।






