विशेष बच्चों की रक्तबीज वध पर आधारित लघुनाटिका ने मोहा मन
धमतरी | सार्थक स्कूल में चतुर्थ शारदीय नवरात्रि उत्सव भक्तिभाव एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि धर्मप्रेमी समाजसेवी पंडित राजेश शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि प्राची सोनी, पार्षद एवं एल्डरमेन, नगर पालिक निगम धमतरी ने माँ दुर्गा के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं पूजन के साथ किया। उत्सव का मुख्य आकर्षण विशेष बच्चों द्वारा माँ काली के रक्तबीज वध पर आधारित लघुनाटिका रही। बच्चों ने अपने अभिनय, भाव-भंगिमाओं और आपसी तालमेल से पौराणिक प्रसंग को सजीव कर दिया।

माँ काली की भूमिका मनीषा साहू, राक्षसों की भूमिका कुलदीप बंजारे, एकलव्य पटेल एवं नेमेश विनीत ने निभाई। भारती, वत्सला एवं प्रीति ने देवियों तथा ईशु ने भगवान शंकर की भूमिका निभाई। बच्चों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। लघुनाटिका के माध्यम से साहस, विवेक और बुराई पर विजय का संदेश दिया गया। मुख्य अतिथि पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि माँ दुर्गा द्वारा रक्तबीज का वध बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। यह प्रसंग सिखाता है कि साहस, विवेक और दृढ़ संकल्प से हर चुनौती का सामना किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों में भी असीम संभावनाएँ हैं।

उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें समान अवसर और सम्मान देना ही सच्ची सेवा है। ऐसे प्रयास मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाते हैं। विशिष्ट अतिथि प्राची सोनी ने बच्चों के अभिनय और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विशेष बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। समाज को उनकी क्षमताओं को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करना चाहिए। इसके बाद अतिथियों ने बच्चों के साथ गरबा एवं डांडिया खेलकर उत्सव की खुशियाँ साझा कीं। सार्थक स्कूल के सदस्य गौरव लोहाना ने बच्चों के लिए 20 जोड़ी डांडिया प्रदान किए।कार्यक्रम का संचालन स्नेहा राठौड़ ने किया। अध्यक्षता सार्थक स्कूल की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने की। उन्होंने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में बच्चों को स्वल्पाहार कराया गया।इस अवसर पर सार्थक स्कूल के बीओडी सदस्य प्रतिभा अग्रवाल एवं सुभाष मलिक सहित प्रशिक्षक मैथिली गोड़े, देविका दीवान, कौशल्या यादव, काजल रजक, सुनैना गोड़े, सविता शेख, शकुंतला सोनी, प्रेमबती साहू एवं सुमित नागवानी की सहभागिता रही।







