Home Latest नशे के खिलाफ धमतरी पुलिस का संकल्प, पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में हुई...

नशे के खिलाफ धमतरी पुलिस का संकल्प, पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में हुई नशा मुक्ति कार्यशाला

डॉ. हीरा महावर ने बताए नशे के दुष्परिणाम और बचाव के उपाय, एसपी भावना पांडेय ने नशे से दूर रहने का दिया संदेश
धमतरी । नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा शुक्रवार को पुलिस प्रशिक्षण केंद्र, कंपोजिट बिल्डिंग में विशेष नशा मुक्ति एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में डॉ. हीरा महावर ने नशा मुक्ति के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि नशे की शुरुआत कई बार शौक, जिज्ञासा या साथियों के दबाव में होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह गंभीर लत का रूप ले लेती है। शराब, तंबाकू, गुटखा, गांजा सहित विभिन्न नशीले पदार्थों के सेवन से व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके पारिवारिक और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने नशे के कारण होने वाली शारीरिक कमजोरी, मानसिक तनाव, व्यवहार में बदलाव, पारिवारिक कलह, आर्थिक नुकसान और गंभीर बीमारियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही नशे की लत से बचाव तथा उससे बाहर निकलने के व्यावहारिक उपाय भी बताए। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति को तिरस्कार के बजाय उचित मार्गदर्शन, सहयोग और उपचार की आवश्यकता होती है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। उन्होंने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस के साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
एसपी ने बच्चों में बढ़ती मोबाइल और सोशल मीडिया की लत को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने अभिभावकों से छोटे बच्चों को अनावश्यक और अत्यधिक मोबाइल उपयोग से दूर रखने तथा उनके मोबाइल इस्तेमाल पर निगरानी रखने की अपील की। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और परिवार के साथ समय बिताने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जागड़े, निरीक्षक रामजी तारमे, सउनि रामावतार राजपूत सहित प्रशिक्षु उप निरीक्षक तथा जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
धमतरी पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध जागरूकता, रोकथाम और प्रभावी कार्रवाई के साथ युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे से दूर रहने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है।
Exit mobile version