Home Latest गुरुकुल विद्यासागर विद्यालय लोहरसी में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

गुरुकुल विद्यासागर विद्यालय लोहरसी में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

गुरुकुल विद्यासागर विद्यालय लोहरसी में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
राधा-कृष्ण नृत्य और भजनों ने बांधा समां, मटकी फोड़कर मनाया जन्मोत्सव
धमतरी। गुरुकुल विद्यासागर विद्यालय लोहरसी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना कर किया गया। संस्था प्रमुख भारत लाल साहू ने स्वागत उद्बोधन देते हुए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में कु. गुनगुन साहू एवं कु. कुमुद साहू की राधा-कृष्ण नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। वहीं देविका ग्रुप, सुरभि ग्रुप, दीक्षा ग्रुप, आराध्या ग्रुप एवं चित्राणी ग्रुप के विद्यार्थियों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। हसीना सिन्हा, कुमुद साहू, गुनगुन साहू, रितिका सिन्हा, मोक्ष सोनकर, प्रवीण सिन्हा एवं धारणा देवांगन ने भाषण और कविता के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि श्रीमती गीतेश्वरी देवांगन ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं और उनका जीवन सभी के लिए अनुकरणीय हैं। सभा अध्यक्ष खुशबू साहू ने गीता के उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि श्रीमती हेमलता साहू ने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर ज्ञानेश्वरी साहू ने राधा-कृष्ण भजन प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खोमेश्वरी साहू ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन किया। श्रीमती भानुप्रिया देवांगन ने भगवान श्रीकृष्ण के उपदेश “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन” का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने जीवन का उद्देश्य पूरा कर माता-पिता एवं संस्था का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में मटकी फोड़ एवं दही लूट का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद श्रीकृष्ण भजनों पर सभी जमकर झूमे और भक्तिमय वातावरण का आनंद लिया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती भानुप्रिया देवांगन एवं डिलेश्वरी साहू ने किया, जबकि कुसुम लता सिन्हा ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान रश्मि देवांगन, कुसुम लता साहू, मुस्कान सोनबेर, तारिणी साहू, गुनीता साहू सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अन्य उपस्थितजनों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।
Exit mobile version