धमतरी। धमतरी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत मगरलोड पुलिस ने ग्राम भैंसमुंडी में कार्रवाई करते हुए 740 ग्राम गांजा के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा बिक्री की नकदी, स्कूटी और पैकिंग सामग्री सहित कुल 48,850 रुपये का मशरूका जब्त किया है। गिरफ्तार महिला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 19 अक्टूबर 2026 को थाना मगरलोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भैंसमुंडी में नहर नाली के पास एक महिला अपने घर के सामने गांजा रखकर ग्राहकों को बेच रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और संदेह के आधार पर सीमा बेगम को पकड़ा। महिला आरक्षक की उपस्थिति में तलाशी लेने के साथ ही स्कूटी क्रमांक CG-05-M-3706 की जांच की गई। स्कूटी की डिक्की में सीट के नीचे रखे थैले से खाकी टेप में लिपटा 740 ग्राम गांजा तथा छोटे-बड़े कुल 45 जिपलॉक पॉलीथिन पाउच बरामद किए गए। पुलिस ने गांजा बिक्री से प्राप्त 1,850 रुपये नकद भी जब्त किए।
पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 37,000 रुपये और स्कूटी की कीमत 10,000 रुपये है। नकद राशि सहित कुल जब्त मशरूका 48,850 रुपये का है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार महिला की पहचान सीमा बेगम, पति अकील खान, उम्र 36 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 09, नहर नाली के पास, ग्राम भैंसमुंडी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अवैध नशे के कारोबार पर कार्रवाई जारी रहेगी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें और नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग दें।