धमतरी | विधायक ओंकार साहू ने 20 अक्टूबर को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं धमतरी शहर में आयोजित दशहरा महोत्सव कार्यक्रमों में शामिल होकर क्षेत्रवासियों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
विधायक साहू ने सर्वप्रथम माटेगहन (चिखली) पहुंचकर दशहरा महोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके पश्चात उन्होंने बागतराई (कुर्रा) में कलामंच का लोकार्पण किया और दशहरा महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कुर्रा एवं आमदी में आयोजित दशहरा कार्यक्रमों में भी सहभागिता की। इसके बाद विधायक श्री ओंकार साहू धमतरी पहुंचे, जहां उन्होंने एकलव्य खेल मैदान में आयोजित दशहरा महोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया। तत्पश्चात उन्होंने डाक बंगला वार्ड एवं जोधापुर में आयोजित दशहरा महोत्सव कार्यक्रमों में सहभागिता की।
इस अवसर पर विधायक श्री साहू ने कहा कि दशहरा पर्व असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादाओं का अनुसरण करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने जीवन में भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने तथा समाज में आपसी भाईचारा, शांति और सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया। विधायक श्री साहू ने सभी नागरिकों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
