धमतरी। विजयादशमी के पावन अवसर पर धमतरी विधायक ओंकार साहू ने ग्राम माटेगहन (डुबान) में आयोजित रामलीला नाट्य मंचन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों का स्मरण करते हुए रामलीला को भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था एवं सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।विधायक ओंकार साहू ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। विजयादशमी का पर्व अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और मर्यादित जीवन की सीख देते हैं। समाज में आपसी सद्भाव, एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने में भी इन आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विधायक श्री साहू ने ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए रामलीला के सफल आयोजन की कामना की। कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता से उत्सवमय वातावरण बना रहा। मौके पर जनपद सदस्य जयंत नेताम , महिला कांग्रेस अध्यक्ष अम्बिका सिन्हा , गोलू खान उपसरपंच तिर्रा साथ में ग्रामीणजन उपस्थित रहे
