
कुरूद में 93,200 रुपये नकद समेत 5.64 लाख की संपत्ति जब्त, मगरलोड और सिहावा में भी जुआ खेलते पकड़े गए आरोपी
धमतरी। जिले में जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत पुलिस ने कुरूद, मगरलोड और सिहावा थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए कुल 17 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकद रकम, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और ताश की गड्डियां बरामद की हैं। तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कुरूद में बड़ी जुआ महफिल पर पुलिस की दबिश, 7 गिरफ्तार
थाना कुरूद पुलिस को रात्रि में मुखबिर से सूचना मिली कि रामसागर तालाब कुरूद के पास बड़ी रकम का जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस ने रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 7 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 93,200 रुपये नकद, 5 मोटरसाइकिल, 7 मोबाइल फोन एवं 52 पत्ती ताश बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति की कुल कीमत 5,64,400 रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी
- प्रीतम चंद्राकर, पिता कृष्ण चंद्राकर, उम्र 35 वर्ष, निवासी बजरंग चौक कुरूद।
- दीनू बैस, पिता संतोष बैस, उम्र 25 वर्ष, निवासी कुरूद।
- रवेंद्र कुमार सारथी, पिता स्व. संतलाल सारथी, उम्र 40 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर कुरूद।
- भावेश कुमार साहू, पिता राजेश साहू, उम्र 23 वर्ष, निवासी उमरदा।
- प्रकाश साहू, पिता स्व. पोषण साहू, उम्र 46 वर्ष, निवासी गांधी चौक कुरूद।
- देवाशीष माणिकपुरी, पिता नारायण माणिकपुरी, उम्र 26 वर्ष, निवासी गांधी चौक कुरूद।
- खिलेन्द्र साहू, पिता लीलाराम साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी कलारपारा कुरूद।
इस मामले में थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 256/2026, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
मगरलोड में 4 जुआरी गिरफ्तार
थाना मगरलोड पुलिस ने ग्राम मोहंदी अटल चौक के पास जुआ खेल रहे 4 आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 3,200 रुपये नकद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की।
गिरफ्तार आरोपियों में अलाउद्दीन खान, हरिचंद खुंटे, कुलदीप रात्रे एवं नरेश निषाद शामिल हैं।
सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
सिहावा में स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेलते 6 पकड़े गए
थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम भेजरी रावण में स्ट्रीट लाइट के नीचे सार्वजनिक स्थान पर ताश से रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
मौके से 3,700 रुपये नकद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में सुलेश्वर नेताम, मनीष सिन्हा, राजेंद्र साहू, खिलेश्वर साहू, भोला देवांगन एवं त्रिलोक नेताम शामिल हैं।
इस मामले में अपराध क्रमांक 64/2026, धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
धमतरी पुलिस की दो टूक—जुआ-सट्टा के लिए जिले में कोई जगह नहीं
धमतरी पुलिस द्वारा जिले में जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धमतरी पुलिस ने आमजन से जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।






