
धमतरी | नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर जगदीश “रामू” रोहरा ने सुबह डाक बंगला वार्ड में सघन वार्ड भ्रमण कर आम जनता से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान महापौर रोहरा गरीब परिवारों की झोपड़ियों में पहुंचे, उनके बीच बैठकर चाय पी और आत्मीयता के साथ उनकी समस्याओं एवं भावनाओं को सुना। महापौर का यह सरल, सहज और जनसेवा से जुड़ा व्यवहार लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। वार्ड भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने महापौर के प्रति अपना प्रेम, विश्वास और सम्मान खुलकर व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि आज के समय में जनप्रतिनिधियों का इस तरह सीधे गरीब परिवारों के बीच पहुंचना और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना बहुत ही दुर्लभ देखने को मिलता है। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि जनता की समस्याओं को समझने के लिए जनता के बीच जाना सबसे जरूरी है और नगर निगम का उद्देश्य हर वर्ग के लोगों तक पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं को पूरा करना है। इस अवसर पर पार्षद श्री संतोष सोनकर एवं पार्षद संजय देवांगन भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी वार्डवासियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित विषयों के शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया। महापौर रामू रोहरा का यह जनसंपर्क अभियान आम जनता के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। गरीब हो या अमीर, हर वर्ग के लोगों के घर पहुंचकर उनकी भावनाओं को समझने और उनसे आत्मीय संबंध स्थापित करने की उनकी कार्यशैली को लोगों ने सराहा। वार्डवासियों ने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में रामू रोहरा जैसे जनप्रिय और संवेदनशील महापौर बहुत कम देखने को मिलते हैं, जो बिना किसी भेदभाव के हर व्यक्ति के घर जाकर उनका हालचाल पूछते हैं और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं।





