
धमतरी। जिला अस्पताल में शनिवार दोपहर उस समय हंगामा मच गया, जब प्रतिबंधित क्षेत्र बायोमेडिकल की ओर जाने से रोकने पर दो लोगों ने एक सफाई कर्मचारी से कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। विवाद के दौरान एक युवक द्वारा चाकू निकालने की बात भी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़कर थाने ले गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12:15 बजे दो लोग आयुर्वेदिक क्लीनिक के बाजू से प्रतिबंधित क्षेत्र बायोमेडिकल की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे। इनमें एक युवक और एक थर्ड जेंडर व्यक्ति शामिल था। जिला अस्पताल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत साहिल वाल्मीकि ने उन्हें प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से रोका।
साहिल के अनुसार, रोकने पर दोनों ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गए। इसी दौरान युवक ने चाकू निकाल लिया। घटना की जानकारी तत्काल सफाई कर्मचारी ने अपने ठेकेदार अशोक को दी। इसके बाद दोनों वहां से इधर-उधर भागने लगे और चाकू भी फेंक दिया।
मामले की सूचना पुलिस चौकी में दी गई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को जिला अस्पताल बुलाया गया। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान दोनों के पुलिस पेट्रोलिंग टीम के साथ भी झूमाझटकी करने की बात सामने आई है।
घटना के बाद जिला अस्पताल परिसर में काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई, जहां मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना को लेकर अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिबंधित क्षेत्रों में अनधिकृत प्रवेश को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।