व्यापार को व्यवस्थित, लाभदायक और दीर्घकालीन बनाने के व्यावहारिक सूत्रों पर आधारित पुस्तक के लेखक सीए सौरभ केला ने कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा को भेंट की पुस्तक
पारंपरिक कारोबार को नई पहचान और विस्तार का मंत्र देगी पुस्तक ‘दुकान से ब्रांड तक’
धमतरी | भारतीय खुदरा एवं थोक व्यापार को आधुनिक व्यावसायिक जरूरतों के अनुरूप विकसित करने तथा छोटे कारोबारियों को एक सफल और संगठित व्यवसाय बनाने की दिशा दिखाने वाली पुस्तक ‘दुकान से ब्रांड तक’ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा को भेंट की गई। पुस्तक के लेखक सीए सौरभ केला ने कलेक्टर से सौजन्य भेंट कर उन्हें अपनी पुस्तक की प्रति प्रदान की।
‘दुकान से ब्रांड तक’ पुस्तक में भारतीय खुदरा विक्रेताओं, थोक व्यापारियों, वितरकों और पारिवारिक व्यवसाय संचालित करने वाले उद्यमियों के लिए व्यावहारिक व्यावसायिक रणनीतियों को सरल ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इसमें बिना अनावश्यक छूट दिए लाभ बढ़ाने, नकदी प्रवाह मजबूत करने, नए ग्राहकों को आकर्षित करने, पुराने ग्राहकों को जोड़े रखने, बाजार में ब्रांड की पहचान बनाने तथा व्यवस्थित प्रबंधन प्रणाली विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया है। साथ ही, आंकड़ों के आधार पर निर्णय लेने, उधारी प्रबंधन, भुगतान की वसूली और कारोबार को अगली पीढ़ी तक सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने के पहलुओं को भी शामिल किया गया है।
पुस्तक का विशेष उद्देश्य छोटे व्यापारियों को केवल दैनिक बिक्री और मुनाफे तक सीमित न रखते हुए उन्हें एक ऐसी व्यावसायिक व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रेरित करना है, जो उनके प्रत्यक्ष रूप से अनुपस्थित रहने पर भी सुचारु रूप से संचालित हो सके। लेखक ने अपने व्यावसायिक अनुभवों और देशभर के व्यापारियों के साथ कार्य करने से प्राप्त सीख को इसमें समाहित किया है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि “व्यापार में सफलता के लिए मेहनत के साथ-साथ दूरदर्शी सोच, वित्तीय अनुशासन, समयानुकूल निर्णय और बेहतर प्रबंधन भी आवश्यक हैं। छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के लिए ऐसी व्यावहारिक पुस्तकें उपयोगी साबित हो सकती हैं। आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में पारंपरिक व्यवसायों को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन और नवाचार से जोड़ना समय की आवश्यकता है। इससे स्थानीय व्यापार को नई पहचान मिलेगी और रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।”
उल्लेखनीय है कि सीए सौरभ केला चार्टर्ड अकाउंटेंट, व्यवसाय सलाहकार एवं प्रशिक्षक हैं। उनकी यह पुस्तक ‘दुकान से ब्रांड तक’ पेनडाउन प्रेस द्वारा प्रकाशित की गई है तथा पाठकों के लिए अमेजन और फ्लिपकार्ट दोनों ऑनलाइन मंचों पर उपलब्ध है। विजय कुमार केला भी उपस्थित थे ।
