
जिला अस्पताल की बदहाली पर भड़की कांग्रेस, CMHO कार्यालय का घेराव कर सौंपा ज्ञापन
धमतरी। शहर की स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार आ रही गिरावट और जिला अस्पताल की बदहाली को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष द्वय योगेश शर्मा एवं गौतम वाधवानी के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जिला एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय का जोरदार घेराव किया और मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
घेराव के दौरान गौतम वाधवानी और योगेश शर्मा ने बताया कि विगत कई समय से मरीजों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उन्हें गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जनहित से जुड़ी इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कांग्रेस प्रतिनिधियों द्वारा अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया गया, जिसमें स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती कई बड़ी खामियां उजागर हुई हैं।
निरीक्षण में पाई गई कमियों का ब्योरा देते हुए कांग्रेस नेताओं ने बताया कि जिला अस्पताल में स्वीकृत 22 विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों के मुकाबले वर्तमान में मात्र 7 डॉक्टर ही पदस्थ हैं। नाक, कान, गला, मेडिसिन, सर्जरी, त्वचा रोग, मनोरोग और शिशु रोग जैसे अति-आवश्यक विभागों में डॉक्टरों का भारी अकाल बना हुआ है। डॉक्टरों की इस कमी के कारण आम जनता को मजबूरन महंगे निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे उन पर आर्थिक और मानसिक दबाव बढ़ रहा है। अतः रिक्त पदों पर तत्काल विशेषज्ञों की भर्ती की जानी चाहिए।
अस्पताल की अधोसंरचना पर सवाल उठाते हुए नेताओं ने कहा कि नवनिर्मित ट्रॉमा सेंटर की इमारत, जिसे अभी पूरी तरह से अस्पताल प्रबंधन को हस्तांतरित भी नहीं किया गया है, उसकी छतों से बारिश का पानी टपकना शुरू हो गया है। यह सीधे तौर पर निर्माण कार्य में हुए भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। इस मामले में दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जानी चाहिए।
अस्पताल में जांच व इलाज की सुविधाओं की बात करते हुए उन्होंने कहा कि सोनोग्राफी, एक्स-रे और सीटी स्कैन विभाग दोपहर एक बजे के बाद बंद कर दिए जाते हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों को भटकना पड़ता है। इन जांच सुविधाओं को चौबीसों घंटे चालू रखा जाना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही, दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक लंबे समय तक रहने वाले लंच टाइम के कारण भी मरीजों को भारी असुविधा होती है। मरीज हित में इस लंच टाइम को घटाकर दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक तय किया जाना चाहिए।
दवाइयों की उपलब्धता पर चिंता व्यक्त करते हुए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में बीपी, शुगर, आवश्यक विटामिन, मल्टी-विटामिन और विभिन्न इंजेक्शन समय-समय पर गायब रहते हैं। सरकार को इन दवाओं की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि गरीब मरीजों को बाहर से महंगी दवाएं न खरीदनी पड़ें। डॉक्टरों की दीर्घकालिक कमी को दूर करने के लिए कांग्रेस ने सुझाव दिया है कि शासकीय मेडिकल कॉलेजों से डिग्री प्राप्त करने वाले डॉक्टरों के लिए लागू 2 से 3 वर्ष की बॉन्ड अवधि को बढ़ाकर कम से कम 10 वर्ष किया जाए। इसके अलावा, जिला अस्पताल के जर्जर पहुंच मार्ग का तत्काल जीर्णोद्धार करने और वर्तमान व्यवस्थाओं में नाकाम रहे सिविल सर्जन को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग उठाई गई है।
कांग्रेस नेताओं ने शासन और प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन में शामिल सभी मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में इससे भी अधिक उग्र और व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।
इस विरोध प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम में विधायक ओंकार साहू, पूर्व विधायक गुरमुख सिंह होरा, पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहन लालवानी, पूर्व जिला अध्यक्ष शरद लोहाना, पूर्व दुग्ध महासंघ अध्यक्ष विपिन साहू, ब्लॉक अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य कविता बाबर, पूर्व पीसीसी सचिव आनंद पवार, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष सलीम रोकडिया, वसीम कुरैशी, नरेश जसूजा, योगेश लाल, नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, अविनाश मारोठे, आशुतोष खरे, अंबर चंद्राकर, मनीषा साहू, सुनीता साहू, आकाश गोलछा, राजेश पांडे, कन्हैया सोनी, विशु देवांगन, सन्नी देवांगन, खिलेंद्र ध्रुव, धर्मेंद्र पटेल, अनूप नेताम, गीतराम सिन्हा, योगेश्वर साहू, चितेन्द्र साहू, पारसमणी साहू, वीणा देवांगन, फिल्म साहू, सुमन मेश्राम, समीना अंजुम, शास्त्री सोनवानी, गुड्डा दीवान, अजय सिन्हा, वातांजलि गोस्वामी, लुकेश्वरी साहू, सलाम खान, सलीम भाटी, चंदन रजक, पवन वाधवानी, अजय डहरिया, देवेंद्र देवांगन, जय गिदवानी, गुरुगोपाल गोस्वामी, कुलेश्वर देवांगन, विक्रांत पवार, हरीश चंद्राकर, हरनारायण साहू, विष्णु सिन्हा, सोहेल ख़ान, साहिल ख़ान, सलीम खिलची, जैनुद्दीन रिजवी, गोपाल कामड़े, यश राजपूत, शंकर माखीजा, अनस रजा, संतोष साहू, ज्ञानचंद सिन्हा, भागी ध्रुव, सोमेश मेश्राम, साहिल अहमद, तेजराम सिन्हा, गेंदलाल साहू, योगेश्वर साहू, डिकेश देवांगन, मोहित देवांगन, विक्रांत शर्मा, बृजेश जगताप और हितेश गंगवीर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Also read
वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ पर धमतरी में सप्ताहभर चलेंगे राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रम