अवैध रेत परिवहन पर शहर कांग्रेस का मोर्चा, खनिज अधिकारी के तबादले की मांग
धमतरी। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौतम वाधवानी एवं योगेश शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर सिहावा रोड पर उड़ रही धूल, अवैध रेत परिवहन और सड़क निर्माण में हो रही देरी सहित विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग की गई।
शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि अवैध रेत परिवहन और सड़क निर्माण को लेकर वे लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसी क्रम में बीती रात बिना पीटपास के परिवहन कर रहे कुछ हाइवा वाहनों को रोककर संबंधित अधिकारियों को फोन के माध्यम से सूचना दी गई, लेकिन किसी अधिकारी की ओर से अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिलने का आरोप लगाया गया। इसी मामले को लेकर मंगलवार को कलेक्टर के समक्ष राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में मुख्य खनिज अधिकारी को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इसके साथ ही सिहावा रोड पर उड़ रहे धूल के गुबार से लोगों को तत्काल राहत दिलाने के लिए लगातार पानी का छिड़काव कराने तथा ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने सिहावा रोड का निर्माण जल्द से जल्द पूरा कराने और निर्माण कार्य पूरा होने तक इस मार्ग पर हाइवा परिवहन बंद कराने की मांग भी रखी। इसके अलावा अवैध रेत परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए चेक पोस्ट स्थापित कर सक्षम अधिकारियों की नियुक्ति करने की मांग की गई।
शहर कांग्रेस कमेटी ने कहा कि इन समस्याओं के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा गया कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो शहर कांग्रेस कमेटी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, अविनाश मरोठे, देवेंद्र देवांगन, आशुतोष खरे, अंबर चंद्राकर, जैनुद्दीन रिजवी, वातांजलि गोस्वामी, शास्त्री सोनवानी, गोपाल कामड़े, भागी धुरुव, शंकर माखीजा, मोहन धुरुव, राजू शेख, अमित बाघमारिया सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बोड़रा (स) में विकास कार्यों का लोकार्पण, रामधुनी प्रतियोगिता में शामिल हुए विधायक ओंकार साहू
