धमतरी | ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू के प्रयासों को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिलने जा रही है। रांवा में मिनी स्टेडियम की स्वीकृति के बाद अब ग्राम शंकरदाह एवं बिरेतरा में भी मिनी स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति जल्द मिलेगी। जिससे दोनों ग्रामों में खेल मैदान एवं आवश्यक खेल सुविधाओं के विकास से स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।
श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर, संसाधन और खेल का उपयुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की है। इसी उद्देश्य से उनके कार्यकाल से ही ग्रामीण क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता दी जाती रही है। रांवा में मिनी स्टेडियम की स्वीकृति के बाद शंकरदाह एवं बिरेतरा में भी मिनी स्टेडियम की स्वीकृति के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा था। जोकि जल्द मिलेगा। उन्होने कहा कि गांवों में खेल सुविधाएं विकसित होने से युवा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे तथा जिला, संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकेंगे। रंजना साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार गांवों में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ खेल अधोसंरचना के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दे रही है। ग्रामीण युवाओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शंकरदाह और बिरेतरा में मिनी स्टेडियम की स्वीकृति क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
उन्होंने कहा कि रांवा के बाद शंकरदाह और बिरेतरा को भी जल्द मिनी स्टेडियम की सौगात मिले, इसके लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल और प्रयास जारी हैं। मिनी स्टेडियम बनने से इन ग्रामों के साथ आसपास के गांवों के खिलाड़ियों को भी अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों एवं खेल प्रेमियों ने मिनी स्टेडियम की स्वीकृति के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू के प्रति आभार व्यक्त किया है। जिसमे जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी साहू, जनपद सदस्य फतेश्वरी साहू, अशोक साहू, अमन राव, मिश्री पटेल, हेमंत चंद्राकर, प्रियंका राजीव सिन्हा, रामकृष्ण ध्रुव, राकेश साहू, डॉ विनेश्वर साहू, किरण सिन्हा, सरपंच श्रीमती धनेश्वरी ध्रुव, उप सरपंच मनीष साहू, पूर्व उपसरपंच डॉ. विनेश्वर साहू, ग्रामीण वरिष्ठ मुन्ना पटेल, बालाराम साहू, खिलू राम साहू, ओमप्रकाश, उमेश साहू, नरेन्द्र साहू, हेमंत साहू, अमृत ध्रुव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, क्षेत्रवासियों व ग्रामीणों ने दिए।
