
धमतरी | जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुरूद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुरूद नगर और ग्राम भोथली के शासकीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूलों की अत्यंत दयनीय और जर्जर स्थिति सामने आई, जहां छात्र-छात्राएं जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। इस बदहाली को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार और क्षेत्रीय विधायक की निष्क्रियता पर तीखा हमला बोला है। निरीक्षण के दौरान कांग्रेसियों ने पाया कि स्कूलों के भवन पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। दीवारों में दरारें आ चुकी हैं और छत से पानी टपक रहा है। मूलभूत सुविधाओं जैसे स्वच्छ पेयजल और शौचालयों का भारी अभाव है। शिक्षा के मंदिर की यह दुर्दशा भाजपा सरकार के “गुणवत्तापूर्ण शिक्षा” के दावों की पोल खोलती है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर नें कहा की आज कुरूद नगर और ग्राम भोथली के शासकीय स्कूलों की जो हालत हमने देखी है, वह बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारे नौनिहाल, जो इस देश और प्रदेश का भविष्य हैं, वे ऐसे जर्जर भवनों में बैठने को मजबूर हैं जहां हर वक्त किसी बड़ी दुर्घटना का साया मंडराता रहता है। क्या प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार सो रही है? शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश की वर्तमान सरकार पूरी तरह निष्क्रिय और संवेदनहीन साबित हुई है। जन घोषणाओं में बड़ी-बड़ी बातें करने वाली भाजपा सरकार जमीनी हकीकत से आंखें मूंद चुकी है। इसके साथ ही, इस क्षेत्र के स्थानीय विधायक की निष्क्रियता भी साफ उजागर होती है। क्षेत्रीय विधायक को जनता ने चुनकर विधानसभा में जनसमस्याएं उठाने के लिए भेजा था, लेकिन उन्हें अपने ही क्षेत्र के बच्चों की जान की कोई परवाह नहीं है। स्कूल भवनों की मरम्मत और बच्चों के भविष्य के लिए उनके पास कोई कार्ययोजना नहीं है।कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी। हम बच्चों के भविष्य और उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम इस सोई हुई विष्णुदेव सरकार और निष्क्रिय विधायक को जगाने के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेंगे। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जानसिंह यादव, जिला महामंत्री रमेशर साहू, कामराय साहु ब्लॉक अध्यक्ष महिम शुक्ला, पंकज जोशी सहीत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






