
जर्जर सड़क और जलभराव के खिलाफ वार्डवासियों की भूख हड़ताल, दो दिन का आंदोलन
धमतरी। जर्जर सड़क, नाली की बदहाल स्थिति और जलभराव की समस्या को लेकर वार्डवासियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ दो दिवसीय भूख हड़ताल शुरू की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि करीब डेढ़ से दो साल से सड़क की स्थिति खराब है और नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से बारिश के दौरान परेशानी बढ़ गई है। उनका आरोप है कि इससे वार्ड में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। वार्डवासी शाहिल अहमद ने कहा कि उमंग चौक और आसपास जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इसी स्थान पर जन्माष्टमी, गणेश उत्सव और नवरात्रि जैसे आयोजन होते हैं। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने उमंग चौक पर सीसी रोड निर्माण सहित तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन शुरू करने की बात कही। शाहिल ने कहा कि दो दिन के आंदोलन के बाद भी समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शनकारी रात-दिन धरने पर बैठे रहने की बात कह रहे हैं। वार्डवासी संजू साहू ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में चौक के चबूतरे का चौड़ीकरण और ऊंचाई बढ़ाना तथा चौक से नया गांव बस्ती तक जर्जर सड़क का निर्माण शामिल है। उनका कहना है कि तत्काल निर्माण संभव नहीं है तो सड़क की मरम्मत की जाए, ताकि आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने दावा किया कि बारिश में जलभराव की समस्या भी लगातार बनी रहती है। संजू के मुताबिक, दो दिन पहले स्कूल जा रहे बच्चों का ऑटो सड़क की स्थिति के कारण पलट गया था। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। इधर, नगर निगम के लोक निर्माण विभाग के सभापति विजय मोटवानी ने कहा कि संबंधित सड़क का टेंडर हो चुका है और कार्यादेश भी जारी किया जा चुका है। बारिश के कारण फिलहाल निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि वार्डों की सड़कों समेत पांच प्रमुख मार्गों का काम गणेश चतुर्थी के बाद शुरू किया जाएगा। वहीं रिपेयरिंग का काम जारी है। मोटवानी ने कहा कि वार्डवासियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने जलभराव को लेकर कहा कि इस बार अत्यधिक बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी भरने की स्थिति बनी है। उन्होंने धरने पर बैठे लोगों से समस्या की जानकारी निगम को देने की अपील की और कहा कि संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।






