अवैध रेत परिवहन और डंपिंग पर प्रशासन को घेरा, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
ग्राम नारी की घटना हादसा नहीं हत्या: तारिणी चंद्राकर, कहा– NGT के नियमों की उड़ रही धज्जियां, प्रशासन के संरक्षण में फल-फूल रहा रेत माफिया
धमतरी l कुरुद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नारी में विगत दिनों हुई हृदय विदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। अवैध रेत परिवहन की अंधाधुंध और बेकाबू दौड़ के कारण आज एक और हंसते-खेलते परिवार ने अपना चिराग खो दिया। इस बेहद दुखद और दर्दनाक हादसे के बाद धमतरी जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हरसंभव मदद का भरोसा दिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने इस घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक आम हादसा नहीं है, बल्कि प्रशासन और सत्ता के संरक्षण में चल रहे अवैध कारोबार की वजह से हुई हत्या है। उन्होंने स्थानीय भाजपा विधायक को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “अत्यंत दुखद है कि क्षेत्र के विधायक को जनता के इस गहरे दर्द और जनभावनाओं से कोई सरोकार नहीं है। उनकी चुप्पी इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि उन्हें जनता की जान-माल से ज्यादा रेत माफियाओं के हितों की चिंता है। श्रीमति चंद्राकर ने स्थानीय प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के नियमों के तहत वर्तमान में सभी रेत खदानें पूरी तरह से बंद हैं। इसके बावजूद नदियों का सीना चीरकर धड़ल्ले से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है। उन्होंने क्षेत्र की जमीनी हकीकत उजागर करते हुए कहा कि कोकड़ी रोड में कई अवैध रेत डंप मौजूद हैं, जिसकी पूरी जानकारी स्थानीय प्रशासन को है।

इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं, जिसका खामियाजा क्षेत्र की मासूम जनता को अपनी जान देकर भुगतना पड़ पड़ रहा है आगे कहा की पीड़ित परिवार को तत्काल उचित और सम्मानजनक आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए, दोषी वाहन चालक और अवैध कारोबार के मुख्य सरगनाओं के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, क्षेत्र में संचालित सभी अवैध रेत डंपों को तत्काल जब्त कर बंद कराया जाए, तारिणी चंद्राकर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने अवैध रेत परिवहन पर तुरंत पूरी तरह रोक नहीं लगाई और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हक और सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष के साथ लकेश्वर साहू अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, चोवाराम नागरची, खम्हन साहू, सुखराम सोनकर, हेमंत साहू ओमप्रकाश, यादराम, राजकुमार धनीराम, धनी सारथी, अंजनी मुकेश सतनामी, तेजराम, खिलावन साहू, पुणेंद्र शिवनंदन, बंसी पाल, बुधारू सोनकर, अश्वनी सोनकर, पोखराज साहू, रेवा सेन, दयालु साहू, नंद कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।