सुव्यवस्थित ढंग से विकसित करने तथा अधोसंरचना का गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने के दिए निर्देश
धमतरी | 19 अप्रैल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य शासन की मंशानुसार जिले में बिहान बाजार स्थापित किए गए हैं। इसी क्रम में जिले के कुरूद विकासखंड के ग्राम चटौद में महिला समूहों के माध्यम से बिहान बाज़ार के तहत सी-मार्ट का संचालन किया जा रहा है। यहां पर उत्कृष्ट किस्म के उत्पाद स्वसहायता समूहों की महिलाओं के द्वारा तैयार कर तथा पैकेजिंग कर उन्हें किफायती दाम पर बेचा जा रहा है। कलेक्टर श्री पी.एस. एल्मा ने अपराह्न में बिहान बाजार परिसर का मुआयना कर वहां तैयार की जा रही विभिन्न अधोसंरचनाओं का निरीक्षण किया, साथ ही ग्राम्य परिवेश तथा पारम्परिक भावनाओं के अनुरूप निर्माण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

इसके उपरांत कलेक्टर ने सेंटर के पिछले हिस्से में लगाई गई सब्जी बाड़ी तथा दाल प्रसंस्करण इकाई का अवलोकन करते हुए कार्यों को विस्तारित करने और अधिक से अधिक ग्रामीण उपभोक्ताओं को इससे जोड़ने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रियंका महोबिया भी उपस्थित थीं।
उल्लेखनीय है कि बड़े शहरों प्रतिस्पर्धी व्यावसायिक बाजारों की तर्ज पर महिला समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा सी-मार्ट की स्थापना की जा रही है। इसी तर्ज पर कुरूद विकासखंड के ग्राम चटौद में स्थित मल्टी यूटिलिटी सेंटर परिसर में सी मार्ट स्थापित कर समूह की महिलाओं के द्वारा विभिन्न उत्पाद तैयार कर उन्हें बेचा जा रहा है। इससे समूह की महिलाएं आर्थिक व मानसिक रूप से सशक्त बन रही हैं। उक्त सी-मार्ट का सफलतापूर्वक संचालन विभिन्न महिला स्वहायता समूहों की प्रशिक्षित महिलाओं के द्वारा किया जा रहा है। वहां पर बिहान बाजार के अलावा दाल प्रसंस्करण इकाई, जैविक पद्धति से सब्जियों का उत्पादन भी किया जा रहा है।