केशकाल के टाटा मारी में मुंबई की महिला बाइकर रिद्धि ठक्कर को श्रद्धांजलि, सैकड़ों राइडर्स ने लिया हिस्सा

1

केशकाल। मुंबई की 24 वर्षीय बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की चारामा घाट के पास सड़क हादसे में हुई आकस्मिक मौत के बाद केशकाल के टाटा मारी में कोंडागांव बाइकर्स क्लब द्वारा श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। रिद्धि ठक्कर को श्रद्धांजलि देने के लिए छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में बाइकर्स पहुंचे। इस अवसर पर ओडिशा के बाइकर्स ने भी टाटा मारी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम भी शामिल हुए। उन्होंने रिद्धि ठक्कर की तस्वीर पर दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में नगर पंचायत केशकाल अध्यक्ष बिहारी लाल शोरी, फरसगांव नगर पंचायत अध्यक्ष प्रशांत पात्रा, वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण दत्त उपाध्याय, दुर्गेश कौशिक, पार्षद भूपेश चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सड़क सुरक्षा को लेकर बाइकर्स ने लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान बाइकर्स ग्रुप के लीडरों ने कहा कि सड़क हादसों में होने वाली मौतों की संख्या कम करने के लिए आने वाले समय में लोगों को जागरूक किया जाएगा। बाइक राइडर्स को यातायात नियमों के अनुसार सुरक्षित राइडिंग के लिए प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने पर भी जोर दिया गया।

केशकाल थाना प्रभारी विकास बघेल ने श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए बाइकर्स से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित तरीके से राइडिंग करने से बाइकर्स अपनी और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान बचा सकते हैं।

महंगी बाइकों को देखने उमड़ी भीड़

टाटा मारी में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए राइडर्स अपनी अलग-अलग बाइक से पहुंचे। बाइकर्स की आकर्षक और महंगी बाइकों को देखने के लिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम में हायाबूसा और बीएमडब्ल्यू जैसी महंगी बाइक भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

महिला बाइकर्स टीम भी बनी आकर्षण का केंद्र

रिद्धि ठक्कर की श्रद्धांजलि सभा में महिला बाइकर्स की टीम ने भी विशेष आकर्षण पैदा किया। कांकेर की महिला बाइकर्स टीम की मुखिया ने रिद्धि ठक्कर की मृत्यु के बाद उनके पार्थिव शरीर को पैक कर एयरपोर्ट तक पहुंचाने में मदद की थी। महिला राइडर्स को प्रशिक्षित करने के लिए उनके द्वारा एक एकेडमी भी संचालित की जा रही है, जहां राइडिंग के नियमों और सुरक्षित तरीके से बाइक चलाने के बारे में जानकारी दी जाती है।

15 अगस्त को टाटा मारी में उमड़ा जनसैलाब

रिद्धि ठक्कर को श्रद्धांजलि देने के लिए सैकड़ों बाइकर्स के अलावा बड़ी संख्या में पर्यटक भी टाटा मारी पहुंचे। 15 अगस्त को टाटा मारी में लोगों की भारी भीड़ रही। पर्यटकों और बाइकर्स की संख्या बढ़ने के कारण टाटा मारी की ओर जाने वाले मार्ग पर समय-समय पर जाम की स्थिति भी बनी।

बाइकर्स की इस बड़ी मौजूदगी से टाटा मारी की पर्यटन पहचान को भी नई चर्चा मिली है। आने वाले दिनों में इस आयोजन और बाइकिंग गतिविधियों के चलते टाटा मारी की प्रसिद्धि और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही हैं।