
कलेक्टर जनदर्शन में मिले 54 आवेदन, त्वरित निराकरण के निर्देश
धमतरी | कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मंगलवार को आयोजित जनदर्शन में जिले के दूर-दराज से पहुंचे आमजनों की समस्याएं, मांगें और शिकायतें गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में भूमि विवाद, राशन कार्ड, नाली निर्माण, आधार अपडेट, रोजगार, भवन निर्माण सहित कुल 54 आवेदन प्राप्त हुए। जनदर्शन में सुभाष नगर वार्ड धमतरी के विजय देवांगन ने धोखाधड़ी से संबंधित मामले में न्याय दिलाने की मांग की। वहीं कुरूद की सूरूज बाई यादव ने उनके पति के अंगदान के उपरांत मिलने वाली सम्मान राशि, राशन कार्ड एवं पेंशन के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेडक्रॉस से आर्थिक सहायता, खाद्य विभाग से राशन कार्ड तथा समाज कल्याण विभाग से पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। मगरलोड विकासखण्ड के ग्राम बड़ी करेली निवासी धनुराम ने पट्टा दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम कोसमर्रा के किसानों एवं ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के कारण खेतों में पानी भराव की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग एवं एसडीएम धमतरी को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हटकेशर वार्ड धमतरी की दिव्यांग सुलेखा अली ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जिला औषधि विक्रेता संघ ने लंबित मांगों एवं दुकान बंद करने के संबंध में आवेदन सौंपा। वहीं सहकारी समिति अध्यक्ष केशव साहू ने तरसींवा खरीदी केंद्र से चना परिवहन कराने की मांग रखी। ग्राम पंचायत भरदा के सरपंच ने शाला भवन निर्माण, देवांगन समाज भवन का अधूरा कार्य पूर्ण कराने तथा ग्राम रुद्री स्थित जीएडी कॉलोनी के समीप शासकीय भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार धमतरी को तत्काल कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।





