Home Latest आमदी नगर पंचायत में विकास कार्यों में गति लाने कलेक्टर से मिले...

आमदी नगर पंचायत में विकास कार्यों में गति लाने कलेक्टर से मिले भाजपाई

धमतरी । छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा नगरीय निकायों में विकास कार्यों में गति लाने के लिए विशेष आर्थिक पैकेज दिए जाने की घोषणा के बाद आमदी नगर पंचायत की प्रमुख मांगों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए भाजपा नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को कलेक्टर से मुलाक़ात की। आमदी में रोड, नाली के साथ साथ शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण तथा तालाब सौंदर्यीकरण के काम को शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश देने की मांग को लेकर भाजपा नेता एवं प्रमुख जनप्रतिनिधि कलेक्टर से मिले। कलेक्टर ने सभी आवश्यक मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और इस संबंध में त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। भाजपा नेता एवं आमदी मंडल प्रभारी कविंद्र जैन ने बताया कि पिछले पांच सालों में कांग्रेस की सरकार में विकास कार्य ठप्प पड़े थे।

सड़कें खस्ताहाल थी, विकास के सभी कार्य फंड के अभाव में रुके हुए थे। सरकार बदलने के साथ ही विष्णुदेव साय की सरकार में सांय सांय विकास कार्य प्रारंभ हुए और आगे भी सरकार की गारंटी है कि विकास कार्यों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जायेगी। आमदी मंडल अध्यक्ष मुरारी यदु ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने लुट खसोट करने वाली सरकार को सत्ता से बेदखल कर भाजपा के सुशासन पर विश्वास व्यक्त किया है और भाजपा की सरकार में विकास कार्यों को गति मिली है। नगर पंचायत आमदी के अध्यक्ष हेमंत माला, उपाध्यक्ष तेजराम साहू, सभापति उमानंद कुंभकार, पार्षद कोमल यादव, प्रेम साहू, लक्ष्मी पटेल, लिखेश्वरी साहू, सुनीता साहू, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष प्रेमशंकर साहू, नगर महामंत्री जितेन्द्र पटेल ने छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव को नगरीय निकायों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज उपलब्ध कराने के लिये आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version