कुरूद के ग्राम छाती और देमार में तीन प्रकरणों में 66 क्विंटल धान जब्त
धमतरी । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं नियमसम्मत बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान के भंडारण, क्रय-विक्रय और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में धमतरी अनुविभाग के अंतर्गत राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में तीन अलग-अलग प्रकरणों में कुल 164 कट्टा (लगभग 66 क्विंटल) धान जब्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम कुरूद विकासखंड के ग्राम छाती में जांच के दौरान व्यापारी केशव यदु की दुकान से 55 बोरी (लगभग 21 क्विंटल) धान अवैध रूप से भंडारित पाए जाने पर जब्त किया गया। इसी ग्राम में दुष्यंत कुमार मेषपाल की दुकान से भी 15 क्विंटल अवैध धान बरामद कर जब्ती की कार्रवाई की गई। वहीं ग्राम देमार में भखारा-धमतरी मार्ग पर बिना वैध दस्तावेज के परिवहन करते हुए 75 कट्टा (लगभग 30 क्विंटल) धान पकड़ा गया। जब्त धान को नियमानुसार मंडी निरीक्षक धमतरी के सुपुर्द किया गया है।
इस प्रकार तीनों प्रकरणों में कुल लगभग 66 क्विंटल धान की जब्ती कर छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।
उल्लेखनीय है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध भंडारण अथवा दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने की आशंका को रोकने के लिए जिले के धान खरीदी केंद्रों, सीमावर्ती क्षेत्रों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं परिवहन मार्गों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं मैदानी अमले को सतर्क रहकर जांच और कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही किसानों एवं व्यापारियों से अपील की गई है कि वे धान के क्रय-विक्रय, भंडारण एवं परिवहन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें तथा आवश्यक वैध दस्तावेज अपने पास रखें।






