आध्यात्मिक सेल्फी पॉइंट के माध्यम से सकारात्मक चिंतन एवं आंतरिक शक्तियों को जागृत करने का संदेश दे रही ब्रह्माकुमारीज
धमतरी। शक्ति और आस्था के पर्व शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, धमतरी के तत्वावधान में दिनांक 15 से 19 अक्टूबर 2026 तक वंदना विहार कॉलोनी, रत्नाबांधा रोड स्थित शिव सरोवर में चैतन्य देवियों की अकल्पनीय, नयनाभिराम एवं अलौकिक झांकी का आयोजन किया जा रहा है। इस दिव्य झांकी का शुभारंभ 15 अक्टूबर को नगर के गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
शुभारंभ अवसर पर माननीय भ्राता रामू रोहरा जी, महापौर नगर पालिक निगम धमतरी, भ्राता दीपक लखोटिया जी, संपादक प्रखर समाचार एवं प्रखर टीवी, भ्राता सुधीर गुप्ता जी, संपादक डीलक्स टाइम्स धमतरी, भ्राता ऋतुराज पवार जी, समाजसेवी एवं संरक्षक जिला प्रेस क्लब धमतरी, भ्राता सत्यनारायण राठी जी, समाजसेवी धमतरी, श्रीमती विभा चंद्राकर जी, पार्षद विवेकानंद नगर कॉलोनी तथा ब्रह्माकुमारी सरिता बहन जी के करकमलों से झांकी का शुभारंभ हुआ। अतिथियों ने पूजा-अर्चना एवं आरती कर शक्ति स्वरूपा देवियों से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा उपस्थित नागरिकों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

इस मनोरम झांकी में आदि शक्ति मां दुर्गा के विभिन्न दिव्य स्वरूपों—मां दुर्गा, मां काली, संतोषी माता, मां सरस्वती, मां उमा देवी एवं मां गायत्री के साथ बाल ब्रह्मचारिणी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी बहनें योग मुद्रा में विराजमान हैं। इन चैतन्य देवियों के दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता, पवित्रता, तपस्या एवं आत्मिक शक्ति का संदेश दे रहे हैं।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी सरिता बहन जी ने कहा कि चैतन्य झांकी में देवी स्वरूपों में विराजित ब्रह्माकुमारी बहनों ने राजयोग मेडिटेशन के अभ्यास से प्राप्त पवित्रता, दिव्यता, एकाग्रता एवं अष्ट शक्तियों को अपने जीवन में धारण करके इन दिव्य स्वरूपों को साकार किया है। जिस प्रकार देवियों को असुरों का संहार करने वाली शक्ति स्वरूपा के रूप में दर्शाया जाता है, उसी प्रकार आज प्रत्येक मनुष्य को अपने अंदर के काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार जैसे विकारों पर विजय प्राप्त करने की आवश्यकता है। जब हम अपने जीवन से इन विकारों का विनाश करेंगे, तभी स्वर्णिम समाज और सर्वत्र सुख-शांति की स्थापना में अपना अमूल्य योगदान दे सकेंगे। आध्यात्मिक सेल्फी पॉइंट बना विशेष आकर्षण चैतन्य देवियों की झांकी के साथ बनाया गया आध्यात्मिक सेल्फी पॉइंट भी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
झांकी के दर्शन करने पहुंच रहे भाई-बहन इस सेल्फी पॉइंट का लाभ लेकर स्वयं को सकारात्मक संकल्प देने का अनुभव कर रहे हैं। यह केवल तस्वीर लेने का स्थान नहीं, बल्कि स्वयं को पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपने भीतर की सोई हुई शक्तियों को जागृत करने की प्रेरणा देने वाला एक अनूठा प्रयास है। नकारात्मक वातावरण में चिंता, तनाव, भय एवं निराशा जैसे विचारों के कारण अनेक लोग मानसिक अशांति का अनुभव करते हैं। ऐसे समय में सकारात्मक चिंतन और शांतिपूर्ण वातावरण की आवश्यकता और भी बढ़ जाती है। इसी उद्देश्य से इस आध्यात्मिक सेल्फी पॉइंट के माध्यम से लोगों को अपने प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

यहां आने वाले भाई-बहनों को स्वयं के प्रति सकारात्मक संकल्प अपनाने का संदेश दिया जा रहा है, जैसे— मैं एक शांत और शक्तिशाली आत्मा हूं। मेरे अंदर असीम शक्तियां समाई हुई हैं। मैं हर परिस्थिति का सामना धैर्य और आत्मविश्वास के साथ कर सकता हूं। ऐसे सकारात्मक संकल्प व्यक्ति को अपनी आंतरिक शक्तियों को पहचानने तथा जीवन में सकारात्मकता लाने के लिए प्रेरित करते हैं। ब्रह्माकुमारीज के अनुसार, राजयोग मेडिटेशन स्वयं को पहचानने, मन को शांत करने, परमात्मा से संबंध जोड़ने तथा जीवन में सकारात्मकता और आध्यात्मिक शक्ति का अनुभव करने का सहज माध्यम है। राजयोग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति अपने विचारों को सकारात्मक दिशा देने और आंतरिक शांति का अनुभव करने का प्रयास कर सकता है। 21 अक्टूबर से लगेगा राजयोग मेडिटेशन शिविर चैतन्य देवियों की यह दिव्य झांकी 19 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन संध्या 6:30 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुली रहेगी। इसके पश्चात प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, धमतरी के केंद्र में दिनांक 21 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक राजयोग मेडिटेशन शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में सम्मिलित होने के लिए तीन समय निर्धारित किए गए हैं—प्रातः 7 से 8 बजे, संध्या 5 से 6 बजे तथा रात्रि 7 से 8 बजे तक। इच्छुक भाई-बहन अपनी सुविधानुसार किसी एक समय पर शिविर में सम्मिलित होकर राजयोग मेडिटेशन सीख सकते हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को आध्यात्मिकता से जोड़ना, सकारात्मक चिंतन के प्रति जागरूक करना तथा जीवन में शांति, प्रेम, पवित्रता, सुख और शक्ति जैसे दिव्य गुणों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर नगर के बड़ी संख्या में नागरिकगण एवं ब्रह्माकुमारी परिवार के भाई-बहन उपस्थित रहे। चैतन्य देवियों की यह अलौकिक झांकी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जागृति, आत्मिक शक्ति और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का प्रेरणादायी संदेश दे रही है।







