
धमतरी |पुलिस अधीक्षक बी. पी. राजभानु द्वारा यातायात के बढ़ते दबाव और राष्ट्रीय राजमार्गों व मुख्य मार्गो में हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने एवं दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हाईवे पेट्रोलिंग को सतत पेट्रोलिंग करते हुए निगरानी रखने निर्देशित किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे के मार्गदर्शन व उप पुलिस अधीक्षक अजाक, यातायात श्रीमती सारिका वैद्य के दिशा-निर्देश में तीनों हाईवे पेट्रोलिंग वाहन अपने निर्धारित रूट में लगातार पेट्रोलिंग करते हुए किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर अल्प समय में मौके पर पहुंचकर जरूरतमंद एवं सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की आवश्यक मदद कर रही है। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों एवं हाईवे पेट्रोलिंग वाहन में संलग्न कर्मचारियों द्वारा समय-समय पर आमजनों से मिलकर यातायात नियमों की जानकारी देकर प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। इसी परिप्रेक्ष्य में अर्जुनी क्षेत्रांतर्गत ग्राम अर्जुनी में यातायात नियमों की जानकारी एवं हाईवे पेट्रोलिंग से संबंधित जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामवासियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे ने ग्रामीणों को यातायात नियमों के बारे में बताते हुए कहा कि सुरक्षा जीवन का अर्थ है, बिना सुरक्षा जीवन व्यर्थ है। सुरक्षित एवं सीमित गति से सुरक्षा संसाधनों का उपयोग करते हुए वाहन चलाने समझाइश दी गई। उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती सारिका वैद्य ने हेलमेट पहनकर दो पहिया वाहन चलाने, सीट बेल्ट लगाकर चार पहिया वाहन चलाने, वाहन चलाते समय समस्त दस्तावेज अपने साथ रखने, नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने नहीं देने तथा हाईवे पेट्रोलिंग की उपयोगिता एवं उसके द्वारा किए जाने वाले कार्यों के बारे में बताकर उनके मार्ग में चलने वाली हाईवे पेट्रोलिंग 2 का मोबाइल नंबर 94791-92468 देकर पांपलेट वितरण किया गया। साथ ही उनके आसपास किसी प्रकार की घटना, दुर्घटना होने पर तत्काल सूचना देने समझाइश दी गई तथा सड़क सुरक्षा मित्र के संबंध में बताकर सहयोग करने प्रेरित किया गया। ग्रामवासियों द्वारा पुलिस को सहयोग करने आश्वस्त किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में ग्राम अर्जुनी के ग्रामीण तथा आसपास के लोग एवं हाईवे पेट्रोलिंग के कर्मचारी उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश में जब से हाईवे पेट्रोलिंग अपने रूट में लगातार पेट्रोलिंग कर रही है, तब से सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों एवं जरूरतमंदों को समय पर आवश्यक मदद मिल रही है। हाईवे पेट्रोलिंग के कार्यों का अच्छा प्रतिसाद भी आम लोगों से मिल रहा है। जन जागरूकता कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती सारिका वैद्य, यातायात प्रभारी श्रीमती सत्यकला रामटेके, सूबेदार रेवती वर्मा तथा हाईवे पेट्रोलिंग स्टाफ उपस्थित रहे।