
धमतरी | नगर पालिक निगम धमतरी में एल्डरमैन के रूप में नियुक्ति मिलने के पश्चात सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों ने महापौर श्री रामू रोहरा के निवास पहुंचकर सौजन्य भेंट की तथा उन्हें धन्यवाद ज्ञापित करते हुए संगठन एवं पार्टी नेतृत्व के प्रति भी अपना आभार व्यक्त किया। इस दौरान आत्मीय वातावरण में नगर के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। नवनियुक्त एल्डरमैनों ने कहा कि संगठन एवं पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नगर निगम के माध्यम से शहर के सर्वांगीण विकास, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता देते हुए महापौर एवं निगम प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे। महापौर श्री रामू रोहरा ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि नगर निगम में उनकी सक्रिय भागीदारी से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल योजनाओं को आगे बढ़ाना नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना भी है। सभी एल्डरमैन अपने अनुभव, ऊर्जा और जनसेवा की भावना से धमतरी के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित धमतरी का निर्माण है। सभी जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास, सकारात्मक सोच और समन्वय से शहर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। सौजन्य भेंट के दौरान शहर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, सड़क एवं नाली निर्माण, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने सहित विभिन्न विकासात्मक विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई। उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर एल्डरमैन दिलीप पटेल, विजय सिंह ठाकुर, भागवत यादव, अरविंदर मुंडी, सीमा चौबे, प्राची सोनी एवं रितिका यादव सहित अन्य कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।






