
सफलता की कहानी सुशासन तिहार में साकार हुआ पक्के घर का सपना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हितग्राहियों को सौंपी प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबी
धमतरी । “अपना पक्का घर केवल एक छत नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और नए जीवन की शुरुआत होता है।” धमतरी में आयोजित “सुशासन तिहार 2026” के दौरान यह भाव उस समय साकार होता दिखाई दिया, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत हितग्राहियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपकर उनके सपनों को नया आकार दिया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा इस कार्यक्रम में भाटगांव की कुमारी यादव एवं लता साहू को मुख्यमंत्री के हाथों आवास की चाबी प्रदान की गई। वर्षों से कच्चे मकान में जीवनयापन कर रहीं इन हितग्राहियों के लिए यह पल केवल योजना का लाभ प्राप्त करने तक सीमित नहीं था, बल्कि यह आत्मसम्मान, सुरक्षा और स्थायित्व की नई अनुभूति लेकर आया।
हितग्राही कुमारी यादव ने भावुक होकर बताया कि बरसात के दिनों में उनका परिवार लगातार परेशानियों का सामना करता था। कच्चे घर की दीवारें और टपकती छत बच्चों की पढ़ाई तथा परिवार की सुरक्षा के लिए चिंता का कारण बनी रहती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से अब उन्हें पक्का और सुरक्षित घर मिला है, जिससे परिवार में नई आशा और आत्मविश्वास का संचार हुआ है। इसी प्रकार लता साहू ने भी कहा कि सरकार की इस पहल ने उनके परिवार को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है तथा प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान निर्माण की योजना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान सुनिश्चित करने का माध्यम है।
सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने तथा समस्याओं के त्वरित निराकरण का कार्य निरंतर किया जा रहा है। यही कारण है कि आज ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और विश्वास दोनों मजबूत हो रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ने हजारों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की नई दिशा प्रदान की है।इस अवसर पर सांसद महासमुंद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, विधायक कुरूद श्री अजय चन्द्राकर, विधायक धमतरी श्री ओंकार साहू, महापौर श्री रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरूण सार्वा, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में नागरिक गण उपस्थित थे ।






