Home Latest संडे साइकिल डे : यूथ हॉस्टल एसोसिएशन धमतरी ने निकाली जागरूकता रैली

संडे साइकिल डे : यूथ हॉस्टल एसोसिएशन धमतरी ने निकाली जागरूकता रैली

यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया धमतरी इकाई ने लोगों से सप्ताह में एक दिन साइकिल चलाने की अपील की

धमतरी। Youth Hostel Association of India धमतरी इकाई द्वारा शहर में जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल चलाने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान बढ़ती पेट्रोल-डीजल कीमतों और प्लास्टिक से प्रकृति को होने वाले नुकसान को लेकर जन-जागरूकता संदेश दिया गया।
साइकिल रैली की शुरुआत घड़ी चौक से हुई। रंग-बिरंगी साइकिलों पर सवार युवाओं, बच्चों और महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। रैली घड़ी चौक से रवाना होकर रत्नाबांधा चौक, शिव चौक, गर्ल्स स्कूल, बांसपारा और साईं बाबा मंदिर मार्ग से होते हुए बिलाई माता मंदिर प्रांगण पहुंची, जहां सभी प्रतिभागियों ने माता का आशीर्वाद लिया।
इसके बाद रैली पर्यावरण संरक्षण के गगनभेदी नारों के साथ सदर बाजार मार्ग से होकर पुनः घड़ी चौक पहुंचकर संपन्न हुई।
पदाधिकारियों ने दिया पर्यावरण और स्वास्थ्य संरक्षण का संदेश
रैली के दौरान संगठन के चेयरमैन हुकुमचंद जैन ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस साइकिल रैली के माध्यम से समाज को प्रकृति संरक्षण का संदेश देने का प्रयास किया गया है।
संगठन के सचिव सुबोध महावर ने कहा कि वर्तमान समय में पेट्रोल और गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं तथा संसाधनों की कमी भी महसूस की जा रही है। ऐसे में लोगों को ईंधन का सीमित उपयोग करना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से सप्ताह में कम से कम एक दिन “साइकिल डे” मनाने और साइकिल का उपयोग करने की अपील की।
अध्यक्ष रमेश कुमार देव ने कहा कि लोगों को प्रकृति और साहसिक गतिविधियों से जोड़ना ही यूथ हॉस्टल का मूल उद्देश्य है। संगठन समय-समय पर इस प्रकार की जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित करता रहता है।
महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में शामिल हुए नागरिक
इस आयोजन में महिलाओं, बच्चों सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो. पी.सी. चौधरी, मनीष चंद्राकर, योगेश गुप्ता, धनंजय सोनकर, वेंकटेश साहू, एकता सिंह, गीता सिन्हा, काजल मुंजवानी, परविंदर कौर, नरेंद्र जैन, विजय अग्रवाल, कमलेश कोठारी, डॉ. भूपेंद्र साहू, विश्वेष कोटवानी, अनमोल कोटवानी, भव्य महावर, उमेश वशिष्ठ, अयांश वशिष्ठ, चंद्रप्रकाश जैन, मोहन यादव और केतन यादव सहित संगठन के अनेक सदस्य एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
मुनि जनों का मिला आशीर्वाद
रैली के दौरान एक विशेष संयोग भी देखने को मिला। रैली प्रारंभ होने से ठीक पहले साध्वी जयशिशु वीरतीय श्रीजी का शहर आगमन हुआ। घड़ी चौक में सभी सदस्यों ने उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया तथा उनके मंत्रोच्चार के बाद रैली प्रारंभ हुई।
वहीं रैली के समापन पर जब प्रतिभागी पुनः घड़ी चौक पहुंचे, उसी समय संत विनय कुशल मुनि गणि जी का आगमन हुआ। सभी को उनके दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त हुए। इस प्रकार रैली के शुभारंभ और समापन दोनों अवसरों पर मुनि जनों का सान्निध्य प्राप्त हुआ।

 

Exit mobile version