Home Latest Breaking News सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा के लिए जिले के 12 प्रबुद्धजन रवाना, महापौर...

सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा के लिए जिले के 12 प्रबुद्धजन रवाना, महापौर रामू रोहरा ने दिखाई हरी झंडी

धमतरी। भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और राष्ट्रीय गौरव से जनसामान्य को जोड़ने के उद्देश्य से सोमवार को जिले में “सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा” का शुभारंभ किया गया। जिले के चारों विकासखंडों से चयनित 12 प्रबुद्धजन, जिन्होंने संस्कृति एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है, गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के दर्शन और सांस्कृतिक भ्रमण के लिए रवाना हुए।
हरदिहा साहू परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर रामू रोहरा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा दल को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार की यात्राएं भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ाव को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इससे नई पीढ़ी को देश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को समझने और अपनाने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में डीएमसी अनुराग त्रिवेदी, डुमन लाल ध्रुव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, ऐतिहासिक विरासत और आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना तथा सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करना है।

Exit mobile version