Home Latest युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उनके सपनों को नई उड़ान...

युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उनके सपनों को नई उड़ान देना हमारा उद्देश्य – महापौर रामू रोहरा

मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने किया जिला स्तरीय युवा उत्सव का भव्य शुभारंभ, विभिन्न विधाओं में युवाओं ने दिखाई अपनी प्रतिभा

धमतरी | जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला धमतरी के संयुक्त आयोजन में सामुदायिक भवन, विंध्यवासिनी मंदिर के पीछे धमतरी में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर निगम धमतरी के महापौर जगदीश ‘रामू’ रोहरा ने विधिवत रूप से किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, गौकरण साहू जिला पंचायत उपाध्यक्ष, मिश्रीलाल पटेल, एसडीएम एवं जिला खेल अधिकारी  पीयूष तिवारी, पार्षद अज्जू देशलहरे सहित अन्य अतिथिगण एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने कहा कि युवा किसी भी देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। युवाओं के भीतर असीम ऊर्जा, रचनात्मकता, प्रतिभा और कुछ नया कर गुजरने का जज्बा होता है। आवश्यकता केवल इस बात की है कि उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच और अवसर मिले। जिला स्तरीय युवा उत्सव इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को अपनी कला, संस्कृति, रचनात्मक सोच और हुनर को सामने लाने का अवसर प्रदान कर रहा है।

महापौर ने कहा कि आज का युवा केवल शिक्षा और रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि कला, संस्कृति, खेल, तकनीक, नवाचार और सामाजिक गतिविधियों में भी अपनी अलग पहचान बना रहा है। ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करते हैं। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। जब युवा अपनी प्रतिभा और कौशल के माध्यम से आगे बढ़ेंगे, तभी हमारा जिला, प्रदेश और देश प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककला, लोकसंस्कृति, लोकगीत और पारंपरिक वेशभूषा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं। युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ आधुनिक तकनीक एवं रचनात्मक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना भी जरूरी है। युवा उत्सव जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना, अनुभव प्राप्त करना और निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करना है।

महापौर ने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लें तथा धमतरी जिले का नाम प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें। उन्होंने आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे रचनात्मक और प्रेरणादायी आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।

जिला स्तरीय युवा उत्सव में युवाओं की प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कहानी लेखन, चित्रकला, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा एवं रॉक बैंड जैसी आकर्षक विधाएं शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी कला, सांस्कृतिक अभिरुचि, कल्पनाशीलता और नवाचार को प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।

राज्य स्तर पर भी प्रतिभा दिखाएंगे चयनित प्रतिभागी युवा उत्सव के अंतर्गत जिला स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इससे जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को एक बड़ा मंच प्राप्त होगा और वे अपनी कला एवं कौशल के माध्यम से धमतरी जिले का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में छिपी प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें प्रोत्साहित करने तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है।

Exit mobile version