बुजुर्ग नहीं होंगे अकेले! धमतरी में ‘सियान गुड़ी’ का शुभारंभ

33

धमतरी l प्रदेश में वृद्धजनों के सम्मान, सुरक्षा एवं समग्र कल्याण के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में धमतरी जिले के महात्मा गांधी वार्ड में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से विकसित ‘सियान गुड़ी’ डे-केयर सेंटर का लोकार्पण किया गया।
यह कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिसमें सांसद रूपकुमारी चौधरी, सांसद भोजराज नाग, विधायक ओंकार साहू, विधायक अंबिका मरकाम, महापौर रामू रोहरा तथा कलेक्टर अबिनाश मिश्रा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने दी प्रतिक्रिया
कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव और संस्कार नई पीढ़ी को दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि ‘सियान गुड़ी’ जैसे केंद्र बुजुर्गों के जीवन में आत्मीयता और सक्रियता का नया माहौल तैयार करेंगे।
सांसद भोजराज नाग ने अपने संबोधन में कहा कि बुजुर्ग समाज की सबसे बड़ी पूंजी हैं और उनकी सेवा ही सच्चे अर्थों में ईश्वर की आराधना है।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित केंद्र
अतिथियों ने केंद्र के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया, जिनमें
फिजियोथेरेपी कक्ष, मनोरंजन कक्ष,भोजन कक्ष, परामर्श कक्ष गेम जोन, ज्ञान कक्ष, विश्राम कक्ष, डिजिटल लर्निंग कक्ष
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ कैरम खेलकर आत्मीय संवाद भी किया, जिससे केंद्र में पारिवारिक और उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
स्वास्थ्य, सीख और आत्मनिर्भरता पर जोर
‘सियान गुड़ी’ को एक समग्र देखभाल केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां बुजुर्गों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
यहां नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, फिजियोथेरेपी और परामर्श सेवाएं उपलब्ध हैं। साथ ही पुस्तकालय, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को सक्रिय जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
डिजिटल युग से जोड़ने की पहल
केंद्र में स्थापित डिजिटल लर्निंग कक्ष के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, कंप्यूटर और इंटरनेट के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे वे आधुनिक तकनीक से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
साथ ही केंद्र में पौष्टिक और संतुलित भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
सम्मान और सहयोग का सशक्त मंच
‘सियान गुड़ी’ केवल एक डे-केयर सेंटर नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए संवाद, सहयोग और सम्मान का एक सशक्त मंच बनकर उभर रहा है। यह पहल न केवल बुजुर्गों के जीवन स्तर में सुधार लाएगी, बल्कि समाज में उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को भी मजबूत करेगी।