Home Uncategorized कोसमर्रा में बड़ी चोरी: शादी में गया शिक्षक परिवार, चोर ले उड़े...

कोसमर्रा में बड़ी चोरी: शादी में गया शिक्षक परिवार, चोर ले उड़े सोना-चांदी और नगदी

भखारा थाना क्षेत्र के कोसमर्रा गांव में वारदात, टूटा मिला ताला और बिखरा पड़ा सामान
धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमर्रा में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शिक्षक अपने पूरे परिवार के साथ रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गए थे, इसी बीच अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर घर का ताला तोड़ दिया। चोर घर में घुसे और आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात व नगदी पार कर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोसमर्रा निवासी कृष्ण कुमार कोसरे शासकीय हाई स्कूल कोलियारी में व्याख्याता के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने भखारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 13 मई की दोपहर करीब 12 बजे वे अपने परिवार के साथ अपने भांजे की शादी में शामिल होने अभनपुर गए हुए थे।
चार दिन बाद 17 मई की सुबह अचानक पड़ोसी भुखेन्द्र बांधे का फोन आया। पड़ोसी ने बताया कि उनके मकान का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है और अंदर लगे चैनल गेट का ताला टूटा पड़ा है। सूचना मिलते ही शिक्षक परिवार के साथ आनन-फानन में गांव पहुंचा। घर पहुंचते ही उनके होश उड़ गए।
घर के सभी कमरे खुले पड़े थे और सामान पूरी तरह बिखरा हुआ था। पूजा कक्ष में रखी दोनों आलमारियों के दरवाजे और लॉकर टूटे मिले। चोर बड़ी सफाई से घर में रखे कीमती जेवर और नगदी समेटकर फरार हो चुके थे।
चोरी हुए सामान में शामिल
सोने का गुलबंद सेट
सोने का आयरिंग सेट
मंगलसूत्र गेहूंदाना सहित
सोने के टॉप्स और बाली
नथली और लॉकेट
सोने की फुल्ली
चांदी की पायल, बिछिया और माला
चांदी की अंगूठी व चुटकी
नगदी 1000 रुपए
पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार 700 रुपए बताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही भखारा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि शादी-विवाह के सीजन में लगातार सूने मकानों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गई है।

Exit mobile version