Home Latest धमतरी: गंगरेल डैम में डेढ़ साल की बच्ची को किनारे छोड़ मां...

धमतरी: गंगरेल डैम में डेढ़ साल की बच्ची को किनारे छोड़ मां ने लगाई छलांग, वाटर एंबुलेंस ने 5 मिनट में किया सुरक्षित रेस्क्यू

धमतरी । धमतरी के प्रसिद्ध पर्यटन और धार्मिक स्थल गंगरेल डैम में गुरुवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अपनी डेढ़ साल की मासूम बच्ची को किनारे पर अकेला छोड़ डैम के गहरे पानी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि, वहां मौजूद लोगों और वाटर एंबुलेंस टीम की सजगता से एक बड़ी अनहोनी टल गई और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मासूम को किनारे छोड़ गहरे पानी में कूदी मां

​मिली जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर लगभग 2 बजे की है। महिला अपनी डेढ़ वर्षीय बच्ची के साथ गंगरेल डैम स्थित अंगारमोती मंदिर के पीछे पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला ने अचानक अपनी बच्ची को किनारे पर बैठाया और खुद डैम में कूद गई। महिला को डूबता देख आस-पास के लोगों ने तुरंत शोर मचाया और संबंधित अधिकारियों को मामले की सूचना दी।

वाटर एंबुलेंस ने 5 मिनट में किया रेस्क्यू

​सूचना मिलते ही डैम पर तैनात वाटर एंबुलेंस की रेस्क्यू टीम तुरंत एक्शन में आई। टीम ने कुछ ही मिनटों में महिला को लोकेट किया और पानी के भीतर से लगभग 5 मिनट के भीतर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बोटिंग पॉइंट के पास महिला को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया।

अस्पताल में आया होश, महिला ने बताई यह बात

​जिला अस्पताल में इलाज के बाद जब महिला को होश आया, तो उसने अपनी पहचान उजागर की। महिला ने बताया कि उसका मायके सोनामगर (नगरी) है और उसका ससुराल सरसोंपुरी में है। उसने यह भी बताया कि वह बुधवार को ही धमतरी आ गई थी और रात उसने शहर के एक गार्डन में बिताई थी। गुरुवार दोपहर वह गंगरेल पहुंची थी। महिला के हाथ पर “सतवंतीन” नाम गुदा हुआ मिला है।

जांच में जुटी रुद्री पुलिस

​घटना की भनक लगते ही रुद्री पुलिस की टीम भी मौके पर और अस्पताल पहुंच चुकी है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है कि आखिर महिला ने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया। राहत की बात यह है कि मां के इस कदम के दौरान किनारे पर छूटी डेढ़ साल की मासूम बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है।

​गंगरेल जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है, वहीं समय रहते रेस्क्यू टीम की जांबाजी की हर तरफ तारीफ हो रही है।

साथ में पढ़े

https://493773.com/कोसमर्रा-चोरी-कांड-का-खुल/

Exit mobile version