Home Latest धमतरी: पुरानी मंडी के पीछे पंचर दुकान में भीषण आग, डेढ़ लाख...

धमतरी: पुरानी मंडी के पीछे पंचर दुकान में भीषण आग, डेढ़ लाख से अधिक का नुकसान

धमतरी। शहर की पुरानी कृषि उपज मंडी के पीछे स्थित एक पंचर दुकान में रविवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखे टायर, ट्यूब, पंचर बनाने की मशीनें और अन्य उपकरण पूरी तरह जलकर राख हो गए। समय रहते फायर ब्रिगेड के पहुंचने से आग को आसपास की दुकानों और रिहायशी क्षेत्र तक फैलने से रोक लिया गया।

जानकारी के अनुसार पुरानी मंडी के पीछे फारूक की पंचर एवं टायर रिपेयरिंग की दुकान संचालित है। घटना के समय दुकानदार अपने परिवार के साथ बाहर गया हुआ था। स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। क्षेत्र रिहायशी होने के कारण समय पर आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान दुकान में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

दुकान संचालक फारूक ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी फोन पर मिली। उनके अनुसार आग से डेढ़ लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि आग किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा लगाई गई हो सकती है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


Exit mobile version