Home Latest बरसात में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने मैदान में उतरे महापौर रामू...

बरसात में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने मैदान में उतरे महापौर रामू रोहरा

बरसात में नाला सफाई पर महापौर रामू रोहरा सख्त, सोरिद वार्ड (डिपोपारा) में किया निरीक्षण

धमतरी। लगातार हो रही बारिश के बीच शहर में जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के उद्देश्य से महापौर रामू रोहरा ने पार्षदों के साथ सोरिद वार्ड (डिपोपारा) में चल रहे नाला सफाई कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी।
महापौर ने कहा कि बरसात के मौसम में शहर की जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनाए रखना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नालों की समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित करने, निकाले गए कचरे का तत्काल उठाव करने तथा जल प्रवाह में किसी भी प्रकार की बाधा न आने देने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त संसाधन लगाकर सफाई कार्य शीघ्र पूरा करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान वार्डवासियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से महापौर को अवगत कराया। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम सभी वार्डों में नाला सफाई, जल निकासी और स्वच्छता कार्यों की लगातार निगरानी कर रहा है ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
महापौर रामू रोहरा ने नागरिकों से अपील की कि वे नालों में कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें तथा शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी वार्डों में नियमित निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

Exit mobile version