Home Latest Breaking News ​भीख मांगता रहा युवक, बरसती रहीं चप्पलें धमतरी में बेरहमी की सारी...

​भीख मांगता रहा युवक, बरसती रहीं चप्पलें धमतरी में बेरहमी की सारी हदें पार

धमतरी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खरतुली में एक युवक के साथ सरेआम मारपीट और चप्पलों से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खरतुली निवासी विकास साहू को तीन युवकों ने बीच सड़क पर रोक लिया। आरोप है कि पहले आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की, फिर लात-घूंसों से मारपीट की और बाद में चप्पलों से भी उसकी पिटाई की। मारपीट के दौरान पीड़ित लगातार खुद को छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी नहीं माने।
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवक के साथ मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमान किए जाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों ने आरोपियों का पीछा कर एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के पहुंचने तक उसे रस्सी से बांधकर रखा। सूचना मिलने पर अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पीड़ित विकास साहू की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दिनदहाड़े हुई इस घटना और उसका वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version