Home Latest Breaking News धमतरी: बेसुध दोस्त को हाथ ठेला में लादकर जिला अस्पताल पहुंचाया, इंसानियत...

धमतरी: बेसुध दोस्त को हाथ ठेला में लादकर जिला अस्पताल पहुंचाया, इंसानियत की मिसाल

मानवता की मिसाल: दोस्त की जान बचाने ठेला लेकर दौड़ा युवक

धमतरी। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे जिला अस्पताल में उस समय लोग हैरान रह गए, जब एक युवक अपने बेसुध दोस्त को हाथ ठेला में लादकर अस्पताल पहुंचा। युवक की संवेदनशीलता और तत्परता ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
आमापारा निवासी संतोष सोनवानी ने बताया कि वह मेडिकल सामान अस्पतालों और मेडिकल स्टोरों तक पहुंचाने का काम करता है। मंगलवार को वह रत्नाबांधा स्थित शराब दुकान के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर अपने दोस्त विक्की पर पड़ी, जो बेसुध अवस्था में जमीन पर पड़ा था।
संतोष ने बताया कि किसी अनहोनी की आशंका से उसने बिना देर किए विक्की को अपने हाथ ठेला में लिटाया और पैदल ही जिला अस्पताल पहुंच गया। उसके पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण वह एंबुलेंस भी नहीं बुला सका। अस्पताल पहुंचते ही स्वास्थ्यकर्मियों ने स्ट्रेचर के माध्यम से विक्की को तत्काल आपातकालीन कक्ष में भर्ती कराया।
संतोष ने कहा कि उस समय उसे कुछ समझ नहीं आया, बस यही लगा कि दोस्त को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना जरूरी है। उसने बताया कि लोगों से सुनने में आया था कि विक्की को मिर्गी के दौरे भी पड़ते हैं, इसलिए किसी भी संभावित खतरे से बचाने के लिए उसे तुरंत अस्पताल ले आया। विक्की की हालत किस कारण बिगड़ी, इसका पता चिकित्सकीय जांच के बाद ही चल सकेगा।

Exit mobile version