Home Latest 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को सहायक सहित...

80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को सहायक सहित मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा सुविधा सम्मानजनक, सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने परिवहन विभाग के निर्देश

धमतरी | राज्य शासन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुविधा एवं सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को एक सहायक सहित राज्य में संचालित पात्र यात्री बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जा रही है। इस महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने इसके व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश जारी किए हैं।

कार्यालय परिवहन आयुक्त, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में बस स्टैण्डों, यात्री प्रतीक्षालयों, बसों एवं अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि पात्र वरिष्ठ नागरिकों को इस सुविधा की स्पष्ट एवं समय पर जानकारी मिल सके और वे बिना किसी असुविधा के इसका लाभ प्राप्त कर सकें।

निर्देशों में कहा गया है कि सभी संबंधित अधिकारी एवं बस संचालक इस योजना का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ पालन सुनिश्चित करें। 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के प्रत्येक पात्र वरिष्ठ नागरिक को उनके एक सहायक सहित निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा यात्रा के दौरान उन्हें आवश्यक सहयोग एवं सम्मानजनक व्यवहार प्रदान किया जाए।

परिवहन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा कठिनाई का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया जाए, जिससे पात्र हितग्राहियों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही, योजना के प्रचार-प्रसार एवं क्रियान्वयन की प्रगति संबंधी जानकारी निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

राज्य शासन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को गरिमापूर्ण, सुरक्षित एवं सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। यह पहल समाज के वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक, पारिवारिक एवं आवश्यक कार्यों के लिए निर्बाध आवागमन की सुविधा प्रदान करेगी। शासन ने सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों से इस जनहितकारी सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है।

Exit mobile version