
550 खिलाड़ी दिखायेंगे दमखम, कुश्ती और टेबल टेनिस में प्रतिभाएँ पेश करेंगी चुनौती
धमतरी । जिला आयोजन समिति एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ मेनोनाइट इंग्लिश सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 550 कुश्ती एवं टेबल टेनिस खिलाड़ी खेलेंगे । खिलाड़ियों के साथ 150 सहयोगी अधिकारी-कर्मचारी आए । आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का जोश नजर आया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद ने कहा कि खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन प्रतियोगिता में आगे वही बढ़ता है जो लगातार मेहनत और बेहतर प्रदर्शन करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गठन के बाद प्रदेश में विकास के साथ खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है। राज्य स्तरीय आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने और आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं।
पूर्व विधायक रंजना साहू ने धमतरी को प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने को जिले के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे जोश और जुनून के साथ खेलने तथा हार से निराश न होकर अपनी कमियों को दूर करने की सलाह दी। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए और बेहतर तैयारी करने प्रेरित किया तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने आयोजन का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में लगभग 550 खिलाड़ी और 150 सहयोगी अधिकारी- कर्मचारी भाग ले रहे हैं। कुश्ती की प्रतियोगिता स्थानीय इंडोर स्टेडियम में और टेबल टेनिस की प्रतियोगिता दानी टोला वार्ड के आंबेडकर भवन में आयोजित की जा रही है। खिलाड़ियों के रुकने आदि की भी बेहतर व्यवस्था की है।
राष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी फाल्गुनी यादव ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ दिलाई। समापन अवसर पर उपस्थित अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अंगिरा ध्रुव, जनप्रतिनिधि मिश्री लाल पटेल, होमेंद्र कोले, सहायक संचालक शिक्षा रघुनंदन वर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर चौधरी, कुरुद एवं मगरलोड के विकासखंड शिक्षा अधिकारी, व्यायाम शिक्षक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हरीश देवांगन सुरेश साहू और श्रीमती उज्ज्वल साहू ने किया।